वॉशिंगटन. एक अमेरिकी अफसर ने गुरुवार को कहा कि डोनाल्ड ट्रम्प के फैसले देश के लिए नुकसानदेह साबित हो सकते हैं। ट्रम्प एडमिनिस्ट्रेशन में मौजूदा अफसर ने न्यूयॉर्क टाइम्स में 'आई एम पार्ट ऑफ रेजिस्टेंस इनसाइड द ट्रम्प एडमिनिस्ट्रेशन' नाम से लेख लिखा है। अफसर के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। अखबार में अफसर द्वारा लिखे आर्टिकल को व्हाइट हाउस ने कायराना हरकत करार दिया है।
'लोकतांत्रिक संस्थाएं कैसे बचाएंगे' : अफसर ने कहा, "हम एडमिनिस्ट्रेशन को कामयाब होते देखना चाहते हैं। पहले से हमारी नीतियां अमेरिका को सुरक्षित और समृद्ध बनाए हुए हैं। हमें सबसे पहले देश के लिए काम करना है, न कि किसी व्यक्ति के लिए। ट्रम्प द्वारा नियुक्त किए गए लोग कैसे हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं को बचाएंगे जबकि वे उनकी नीतियों को ही लागू कर रहे हैं। यह सब ट्रम्प के व्हाइट हाउस में रहने तक जारी रहेगा।''
'तानाशाहों को पसंद करते हैं ट्रम्प' : अफसर ने आरोप लगाया, "ट्रम्प अपने निजी और सार्वजनिक जिंदगी में व्लादिमीर पुतिन और किम जोंग उन जैसे खुद के नियम बनाने वाले शासकों को तरजीह देते हैं। ट्रम्प बतौर रिपब्लिकन प्रेसिडेंट चुने गए थे लेकिन वे कंजरवेटिव के ज्यादा करीब लगते हैं। वे खुला दिमाग, खुला बाजार और आजाद लोग चाहते हैं।''
'सारे आरोप गलत' : लेख पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रम्प ने कहा, "जिस अनाम अफसर ने आर्टिकल लिखा, उसने सब गलत कारण गिनाए। न्यूयॉर्क टाइम्स नाकाम हो रहा है। अगर मैं नहीं यहां नहीं रहूंगा तो एनवाईटी भी नहीं रहेगा। मैं फेल हो रहे न्यूयॉर्क टाइम्स से कहना चाहता हूं कि जिसके बारे में अखबार लिख रहा है वह प्रशासन में प्रतिरोध का हिस्सा है। हमें इसी से निपटना है।'' व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी सारा सेंडर्स ने कहा, "अफसर ने देश को नहीं बल्कि खुद को और अपने अहम को ऊपर रखा। ऐसे व्यक्ति को खुद इस्तीफा दे देना चाहिए। अफसर के खिलाफ निर्णायक फैसला होगा।"
बेनाम लेख प्रकाशित नहीं करता एनवाईटी : न्यूयॉर्क टाइम्स ज्यादातर लेख नाम से ही प्रकाशित करता है। इस बार अखबार की तरफ से कहा गया कि लेखक के कहने पर उनका नाम प्रकाशित नहीं किया गया। ऐसा करने पर उनकी नौकरी पर खतरा आ सकता था। वॉटरगेट स्कैंडल का खुलासा करने वाले पत्रकार बॉब वुडवर्ड ने किताब में दावा किया कि व्हाइट हाउस में कई लोग ट्रम्प को बेवकूफ और झूठा भी कहते हैं। देश के रक्षामंत्री उनकी समझ को पांचवीं के बच्चे के बराबर बता चुके हैं।
Comment Now