Saturday, 24th May 2025

एशियाडः चोटिल बॉक्सर विकास सेमीफाइनल में नहीं उतरे, कांस्य मिला; आज महिला हॉकी का फाइनल खेलेगा भारत

Fri, Aug 31, 2018 8:14 PM

भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने फाइनल में पहुंच कर रजत पदक पक्का कर लिया

  • भारत के नाम अब तक 13 स्वर्ण, 21 रजत और 25 कांस्य
  • मणिका और कमल को एकल स्पर्धा में कोई पदक नहीं मिला

 

जकार्ता.  भारतीय बॉक्सर विकास कृष्ण आंख में चोट के कारण सेमीफाइनल में नहीं उतरेंगे। पुरुषों के 75 किलोग्राम भार वर्ग में उनका मुकाबला कजाकिस्तान के अबिल खान से होना था। अब विकास कांस्य पदक के साथ ही स्वदेश लौटेंगे। वहीं, आज महिला हॉकी के फाइनल में भारत का मुकाबला 14वीं नंबर की टीम जापान से होगा। अगर भारतीय टीम यह मैच जीत लेती है तो 36 साल बाद उसे एशियाड में स्वर्ण पदक मिलेगा।

भारत ने इससे पहले 1982 दिल्ली एशियाड में स्वर्ण जीता था। वर्ल्ड रैकिंग में 9वें नंबर की भारतीय महिला हॉकी टीम एशियाड में 20 साल बाद फाइनल में पहुंची है। यदि वह जापान को हरा देती है तो उसका टोक्यो 2020 ओलिंपिक का टिकट पक्का हो जाएगा। महिला हॉकी टीम ने आखिरी बार एशियाई खेलों का फाइनल 1998 में खेला था, जहां कोरिया ने उसे 2-1 से हरा दिया था। 

पूल के सभी मैच भारत ने जीते:  भारत ने इंडोनेशिया को 8-0, कजाकिस्तान को 21-0, कोरिया को 4-1 और थाईलैंड को 5-0 से हराया है। सेमीफाइनल में उसने बुधवार को चीन को 1-0 से हराया था। फाइनल मैच से पहले हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा, "जापान के खिलाफ होने वाला फाइनल रोमांचक होगा। हम मुकाबला जीतने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे।" टीम के कोच शुअर्ड मरीने ने कहा, "हम जापान के खिलाफ पहले भी खेल चुके हैं। वह एक मजबूत टीम है। हालांकि, मेरा मानना है कि हमारे पास विश्व की किसी भी टीम को हराने की क्षमता है। हमें योजना के अनुसार अपना खेल खेलने और चैम्पियन जैसा प्रदर्शन करने की जरूरत है।"

महिला स्क्वैश टीम ने रजत पदक पक्का किया: स्क्वैश में भारतीय महिला टीम ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में मलेशिया को 2-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही महिला टीम ने एक रजत पदक भी पक्का कर लिया। भारतीय टीम में जोशना चिनप्पा, दीपिका पल्लीकल, सुनैना कुरुविला और तन्वी खन्ना शामिल हैं। 

मणिका बत्रा-शरत कमल बाहर: टेबल टेनिस के पुरुष एकल में मुकाबले में भारत के अंचल शरत कमल को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें चिनी ताइपे (ताइवान) के चिहुआंग चुआन ने 4-2 से हराया। शरत के बाद साथियां गणशेखरण भी अपना मुकाबला हार गए। उन्हें जापान के केन्टा मतसुदाइरा ने 4-1 से हराया। दूसरी ओर महिला एकल में मणिका बत्रा का भी सफर खत्म हो गया है। उन्हें प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की मान्यू वांग ने 4-1 से हराया। 

कयाक के सेमीफाइनल में नओचा सिंह:  भारत के नओचा सिंह ने कयाक पुरुष एकल 200 मीटर के हीट में 7वें स्थान पर रहे। उन्होंने सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। वहीं महिला एकल 200 मीटर में रगीना किरो सेमीफाइनल में पहुंच गईं, लेकिन मीरा दास बाहर हो गईं। 

जूडो में भारत की खराब शुरुआत: जूडो के पुरुष -100 किलोग्राम भार वर्ग के राउंड-16 में भारत के अवतार सिंह को संयुक्त अरब अमीरात के इवान ने रेमेरेन्को ने हराया। महिला +78 किलोग्राम भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में राजविंदर कौर को जापान की अकिरा सोने ने हराया। 

सेलिंग में हर्षिता तोमर सिल्वर मेडल के लिए उतरेंगी: दो दिन पहले ही कांस्य पदक पक्का कर चुकीं सेलिंग स्कूल ऑफ भोपाल की 16 साल की सेलर हर्षिता तोमर लेजर 4.7 ओपन सेलिंग में सिल्वर मेडल के लिए उतरेंगी। उनकी रेस सुबह 10:40 बजे शुरू होगी। वे एशियाड में पदक जीतने वाली मध्यप्रदेश की सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उनके पिता देवेंद्र सिंह तोमर ने कोच जीएल यादव को फोन पर कहा कि बेटी से मां नर्मदा के नाम की दो अगरबत्ती जरूर लगवा दीजिए। पिता की हर्षिता से सीधी बात नहीं हो पाई।

 

 

पदक तालिका (31-08-2018, दोपहर 01:20 बजे तक)

क्रम देश स्वर्ण रजत कांस्य कुल
1 चीन 112 77 54 243
2 जापान 60 49 66 175
3 दक्षिण कोरिया 40 47 57 144
4 इंडोनेशिया 30 23 37 90
5 ईरान 19 19 20 58
8 भारत 13 21 25 59

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery