खेल डेस्क. भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने 18वें एशियाई खेलों के 10वें दिन का पहला पदक जीता। महिला कम्पाउंड टीम के फाइनल में कोरिया ने भारत को 231-228 से हराया। इस कारण भारतीय टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारतीय टीम ने पहले राउंड में 59 का स्कोर किया, जबकि कोरियाई तीरंदाज 57 का स्कोर ही कर पाईं। हालांकि, दूसरे राउंड में कोरिया ने 58-56 से अपने नाम किया। तीसरे राउंड में दोनों टीमों ने 58-58 का स्कोर किया। इस समय तक लग रहा था कि भारत स्वर्ण पदक जीत सकता है, लेकिन फाइनल राउंड में भारतीय टीम अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी और 55 का स्कोर ही कर सकीं, जबकि कोरियाई तीरंदाजों ने 58 का स्कोर करने के साथ ही स्वर्ण पदक जीत लिया।
दसवें दिन हॉकी में भारतीय पुरुष टीम पूल ए में अपना आखिरी मुकाबला खेलेगी। उसके सामने श्रीलंका की टीम होगी। भारत ने इससे पहले अपने सभी मुकाबले जीते हैं। इस टूर्नामेंट में हॉन्गकॉन्ग को 25-0 के रिकॉर्ड अंतर से हराया था। उधर, बॉक्सिंग महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सोनिया लाठेर और पवित्रा रिंग में होंगी। 57 किलोग्राम भार वर्ग में सोनिया का मुकाबला कोरिया की जो सोन से होगा। वहीं, 60 किलोग्राम भार वर्ग में पवित्रा के सामने इंडोनेशिया की हसना हुसवातुन होंगी।
तीरंदाजी टीम के जीतने पर केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने ट्वीट कर बधाई दी।
टेबल टेनिस में पुरुष टीम पर सबकी नजर : टेबल टेनिस के पुरुष टीम इवेंट में भारत अपना सेमीफाइनल मैच खेलेगा। हालांकि, अब तक उसके प्रतिद्वंदी का नाम तय नहीं हो सका है। सेमीफाइनल के बाद फाइनल मुकाबला भी आज ही होगा। भारतीय पुरुष टीम खिताबी मुकाबले में अपना स्थान पक्का करना चाहेगी। दूसरी ओर डाइविंग के फाइनल में भारत के रामनंद शर्मा और सिद्धार्थ बजरंग देश को मेडल दिलाना चाहेंगे।
एथलेटिक्स में पदक की उम्मीद : महिला जेवलिन थ्रो में भारत की अनु रानी अपनी दावेदारी पेश करेंगी। उनसे पहले पुरुष वर्ग में नीरज चोपड़ा ने देश को स्वर्ण पदक जिताया था। पुरुष 800 मीटर दौड़ में भारत के जिन्सन जॉनसन और मंजीत सिंह ट्रैक पर होंगे। वहीं, महिला 5 हजार मीटर दौड़ में सूर्या लोंगनाथन और संजीवनी बाबूराव चुनौती पेश करेंगी।
पदक तालिका (28-08-2018, दोपहर 12:00 बजे तक)
क्रम | देश | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल |
1 | चीन | 82 | 62 | 43 | 193 |
2 | जापान | 43 | 37 | 57 | 137 |
3 | कोरिया | 30 | 37 | 44 | 111 |
4 | इंडोनेशिया | 23 | 17 | 28 | 68 |
5 | ईरान | 17 | 15 | 15 | 47 |
9 | भारत | 8 | 14 | 20 | 42 |
Comment Now