जकार्ता. साइना नेहवाल 18वें एशियाड में सोमवार को बैडमिंटन की महिला एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की ताई जू युंग से 17-21, 14-21 से हार गईं। उनके हिस्से में कांस्य पदक आया। साइना ने एशियाड में एकल स्पर्धा में पहली बार पदक जीता है। 2014 इंचियोन एशियाई खेलों में साइना ने महिला टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। साइना और ताई जू युंग की बीच अब तक 17 मुकाबले हुए। इनमें साइना 5 और युंग 12 जीतने में सफल रहीं। साइना नवंबर 2014 के बाद से युंग के खिलाफ कोई मुकाबला नहीं जीत सकी हैं।
एशियाड के 9वें दिन 39 स्वर्ण पदक दांव पर हैं। बैडमिंटन महिला एकल वर्ग में पीवी सिंधु भी सेमीफाइनल में पहुंचीं हैं। उनका मुकाबला जापान की अकाने यामागुची से है। एथलेटिक्स के जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा पर नजर रहेगी। नीरज ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उनके साथ आज शिवपाल सिंह भी अपनी चुनौती पेश करेंगे। पुरुष ऊंची कूद (हाई जंप) में भारत के चेतन बालसुब्रमन्या स्वर्ण जीतने उतरेंगे। ऊंची कूद के महिला वर्ग में नीना वर्कील और नयना जेम्स मैदान में उतरेंगी। महिला 400 मीटर हर्डल में जौना मुर्मू और अनु राघवन सोना जीतना चाहेंगी। वहीं, महिला 3000 स्टीपलचेज में सुधा सिंह और चिन्ता अपनी चुनौती पेश करेंगी। इसी इवेंट के पुरुष वर्ग में शंकर लाल स्वामी मैदान में उतरेंगे।
बॉक्सिंग में अमित पर सबकी नजर : पुरुष वर्ग के 49 किलोग्राम भार वर्ग में भारत के अमित का सामना मंगोलिया के खरखू से होगा। वहीं, 49 किलोग्राम भार वर्ग में मोहम्मद हुसमउद्दीन का मुकाबला मंगोलिया के ही एन्ख-अमर से होगा। 49 किलोग्राम भार वर्ग में धीरज का सामना किर्गीस्तान के कोबाशेव और 75 किलोग्राम भार वर्ग में विकास कृष्ण की भिड़ंत पाकिस्तान के अहमद तनवीर से होगी।
स्क्वैश में मेजबान इंडोनेशिया से मुकाबला : पुरुष टीम इवेंट में पूल बी के मुकाबले में भारत और इंडोनेशिया आमने-सामने होंगे। उसके बाद भारत सिंगापुर खेलेगा। वहीं महिला वर्ग में ईरान से मुकाबला होगा। टेबल टेनिस में ग्रुप डी के मैच में भारत का मुकाबला मकाऊ (चीन) से होगा। उसके बाद वियतनाम से आमना-सामना होगा। वॉलीबॉल में महिलाओं के पूल बी में भारत के सामने चीन होगा।
पदक तालिका (27-08-2018, दोपहर 12:00 बजे तक)
क्रम | देश | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल |
1 | चीन | 78 | 60 | 40 | 178 |
2 | जापान | 40 | 34 | 50 | 124 |
3 | कोरिया | 28 | 31 | 37 | 96 |
4 | ईरान | 15 | 14 | 13 | 42 |
5 | इंडोनेशिया | 15 | 13 | 25 | 53 |
9 | भारत | 7 | 10 | 20 | 37 |
Comment Now