Thursday, 29th May 2025

मुरैना : मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने मुख्यमंत्री शिवराज की तुलना जनरल डायर से की; कहा- निहत्थे किसानों पर गोली चलवाई

Sat, Aug 25, 2018 7:11 PM

कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया मुरैना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे

मुरैना। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुरैना में शुक्रवार की शाम उन्होंने कहा, जिस तरह अमृतसर के जलियांवाला बाग में आजादी से पहले जनरल डायर ने निहत्थे लोगों पर गोलियां चलवाई थीं, ठीक उसी तरह प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मंदसौर में निहत्थे किसानों पर गोलियां चलवाईं। शिवराज सिंह मध्यप्रदेश के जनरल डायर हैं। 

 

 

उन्होंने कहा, "भाजपा के शासन में किसानों को उनकी फसलों का मूल्य नहीं मिल रहा है। जब किसान अपना हक मांगने के लिए मंदसौर में शांतिपूर्वक ढंग से आंदोलन कर रहे थे तो शिवराज सिंह ने गोलियों से किसानों का सीना छलनी करा दिया। किसानों को बोनस देने की बात करते हैं, लेकिन किसानों के खातों में बोनस भी नहीं पहुंचा है।"

 

12 हजार घोषणाएं, पूरी 200 भी नहीं : दीपक बावरिया ने कहा कि शिवराज सिंह ने अपने कार्यकाल में 12 हजार से अधिक घोषणाएं की हैं, लेकिन उनमें से महज 2 सौ ही पूरी की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार साल में 2 करोड़ लोगों को व शिवराज सिंह ने 8 लाख लोगों को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन वे किसी को रोजगार नहीं दे पाए। लोग उनकी नीतियों से बेरोजगार जरूर हो गए। व्यापमं घोटाले में जो संदिग्ध थे और जिनकी गवाही से भाजपा नेताओं पर आंच आ सकती थी, सभी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उनकी मौत के बारे में आज तक पता नहीं चला। 

 

भ्रष्टाचार के आरोपी मंत्री का इस्तीफा भी नहीं मांग सकते : उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार में भ्रष्टाचारी व हत्या के आरोपित मंत्री हैं, लेकिन शिवराज सिंह इतने कायर हैं कि इन मंत्रियों से इस्तीफा तक नहीं मांग सकते। साथ ही जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है उसकी आवाज को दबा दिया जाता है। 

 

भाजपाई उनकी सभाओं में मारपीट कराते हैं : कांग्रेस की सभाओं में कार्यकर्ताओं की मारपीट आदि की घटनाओं से प्रदेश प्रभारी डरे हुए नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग उनकी सभाओं में मारपीट कराते हैं। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन में रहने के लिए भी कहा। राष्ट्रीय महासचिव दीपक बाबरिया ने रेस्टहाउस पर देर रात तक कार्यकर्ताओं व टिकट के दावेदारों से वन टू वन बात की। तकरीबन तीन घंटे बात करने के बाद वे रात एक बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery