जकार्ता. भारत ने 18वें एशियाई खेलों के छठे दिन शुक्रवार को रोइंग में 3 पदक जीते। रोइंग की क्वाड्रूपुल स्कल्स स्पर्धा में भारत के सवर्ण सिंह, दत्तू भोकानल, ओमप्रकाश और सुखमीत सिंह ने 6 मिनट 17 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले दिन की शुरुआत में भारत ने रोइंग में ही दो कांस्य पदक जीते।
पुरुष लाइटवेट सिंगल्स में दुष्यंत ने 7 मिनट 18 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। इसके ठीक बाद लाइटवेट डबल स्कल्स में रोहित कुमार और भगवान सिंह ने भी कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। दोनों ने रेस पूरी करने के लिए 7 मिनट 4 सेकंड का समय लिया। दुष्यंत का एशियाई खेलों में दूसरा कांस्य पदक है। उन्होंने 2014 में इंचियोन एशियाड में भी कांस्य पदक जीता था।
एशियाई खेलों में रोइंग में भारत का दूसरा स्वर्ण ः रोइंग को एशियाई खेलों में 1982 में शामिल किया गया था, लेकिन भारत को इस खेल में पहला स्वर्ण पदक जीतने में 28 साल लगे। 2010 ग्वांगझू एशियाड में भारत के बजरंग लाल ठाकुर ने सिंगल स्कल्स में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद से भारत अब तक रोइंग की सिंगल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक नहीं जीत पाया है। क्वाड्रूपुल स्कल्स स्पर्धा को 2014 इंचियोन एशियाड में शामिल किया गया था, तब इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन की टीम ने जीता था।
अमित-हरजिंदर पदक से चूके ः उधर, 300 मीटर एयर रायफल शूटिंग में भारत के अमित कुमार और हरजिंदर सिंह पदक जीतने से चूक गए। हालांकि तैराकी में भारत के संदीप सेजवाल हीट राउंड में छठा स्थान हासिल कर फाइनल राउंड में पहुंच गए। इस एशियाई खेलों में भारत के अब 5 स्वर्ण समेत कुल 21 पदक हो गए हैं।
शूटिंग में पदक की उम्मीद : हालांकि 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में भारत की उम्मीद बची है। कॉमनवेल्थ गेम्स में देश की दोनों पदक विजेता हिना सिद्धू और मनु भाकर ने फाइनल राउंड में जगह बना ली है। एशियाई खेलों में अब तक कुछ खास नहीं कर पाईं एथलीट दीपा करमाकर भी आज बीम बैलेंस इवेंट में हिस्सा लेंगी। बैडमिंटन में किदांबी श्रीकांत राउंड ऑफ 32 में हॉन्गकॉन्ग के वॉन्ग विंग से भिड़ेंगे।
हॉकी में फिर बड़ी जीत की आस : भारतीय हॉकी टीम शाम 6ः30 बजे जापान के खिलाफ उतरेगी। अभी तक टीम ने पूल ए के पहले दो मैचों में इंडोनेशिया को 17-0 और हॉन्गकॉन्ग को 26-0 से हराया है। ऐसे में दर्शकों को भारतीय टीम से एक और बड़ी जीत की उम्मीद होगी। मुक्केबाजी में 60 किलो वर्ग में शिव थापा और 69 किलो वर्ग में मनोज कुमार राउंड ऑफ 16 में पहुंचने के लिए भिड़ेंगे।
पदक तालिका
क्रम | देश | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल |
1 | चीन | 58 | 40 | 21 | 119 |
2 | जापान | 26 | 29 | 33 | 88 |
3 | कोरिया | 18 | 21 | 27 | 66 |
4 | ईरान | 10 | 11 | 8 | 29 |
5 | इंडोनेशिया | 8 | 7 | 11 | 26 |
9 | भारत | 5 | 4 | 12 | 21 |
Comment Now