सागर. मध्यप्रदेश के सागर में 14 साल की लड़की को उसके पालतू कुत्ते ने बलात्कारियों के चुंगल से छुड़ाया। हालांकि, तब तक वे अपने मंसूबे को अंजाम दे चुके थे। लड़की के शोर मचाने पर कुत्ता मौके पर पहुंचा और आरोपियों पर हमला कर दिया। यही नहीं वह लगातार भौंकता रहा, जिसे सुनकर गांववाले भी मौके पर पहुंच गए।
मोतीनगर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि घटना शुक्रवार की है। लड़की शाम को घास लेने के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान ऐशू अहिरवार (39) और पुनीत अहिरवार (24) ने उसे चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। वे उसे पास के ही सुनसान इलाके में एक झोपड़ी में ले गए। उसके साथ कथितरूप से बलात्कार किया। लड़की की चीख सुनकर उसका पालतू कुत्ता घटनास्थल पर पहुंचा और आरोपियों पर हमला कर दिया। कुत्ते ने एक आरोपी के पैर में काट लिया। इसके बाद वे डरकर वहां से फरार हो गए। लड़की के परिवार की शिकायत पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कुत्ते पर किया धारदार हथियार से हमला : आरोपियों ने कुत्ते पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया, इसके बावजूद कुत्ते ने भौंकना बंद नहीं किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Comment Now