Wednesday, 28th May 2025

केरल: बाढ़-बारिश से 3 लाख से ज्यादा बेघर, मई से अब तक 324 की मौत; मोदी ने किया हवाई सर्वे

Sat, Aug 18, 2018 5:32 PM

केरल में 8 अगस्त से भारी बारिश, ज्यादातर मौतें बाढ़-भूस्खलन से

- केरल में बाढ़ और बारिश से 8 हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान

 

 

तिरुअनंतपुरम.  केरल 94 साल की सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। बीते नौ दिन में भारी बारिश और बाढ़ के चलते करीब 180 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि मानसून सीजन में मई से अब तक 324 की जान गई। राज्य के 12 जिलों में 3.14 लाख लोग बेघर हो चुके हैं। इन्हें 1568 राहत शिविरों में रखा गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से चर्चा के बाद नरेंद्र मोदी देर रात केरल पहुंचे। शनिवार सुबह कोच्चि में मुख्यमंत्री और आला अफसरों के साथ बैठक की। मोदी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे भी किया। उधर, मौसम विभाग ने रविवार तक केरल के साथ ही तमिलनाडु और कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया।

 

केरल में बाढ़ के चलते 80 हजार लोग विस्थापित हुए हैं। इनमें अकेले एर्नाकुलम के अलुवा के 70 हजार लोग शामिल हैं। सेना के साथ एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। भारी बारिश के चलते पिछले दिनों राज्य में छोटे-बड़े 80 बांधों के गेट खोलने पड़े। बाढ़ से केरल में आठ हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। उधर, आईसीआईसीआई बैंक ने केरल में ग्राहकों से इस महीने की ईएमआई चुकाने में देरी पर पेनल्टी माफ करने का ऐलान किया है। बाढ़ के हालातों को देखते हुए बैंक क्रेडिट कार्ड का बकाया चुकाने में देरी और चेक बाउंस पर भी पेनल्टी नहीं वसूलेगा।

केरल में पेयजल संकट गहराया : भीषण आपदा के बीच अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी आ गई। यातायात ठप होने से ज्यादातर पेट्रोल पंप सूखे पड़े हैं। कई इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है। दक्षिण रेलवे तमिलनाडु से पीने के पानी के कई वैगन भेज रहा है। महिला और बाल विकास विभाग ने खाने के पैकेट भेजे हैं। उधर, बाढ़ के कारण कोच्चि एयरपोर्ट बंद है। एअर इंडिया ने कोच्चि की अपनी विमान सेवाओं को तिरुवनंतपुरम से शुरू किया। शुक्रवार को राज्य से गुजरने वाली या चलने वाली 35 ट्रेनों को रद्द किया गया। केरल सरकार कोच्चि के नौसेना हवाई अड्डे से भी उड़ानें शुरू कराने की कोशिश में हैं।

सोशल मीडिया के जरिए मदद की अपील : मुख्यमंत्री विजयन ने ट्विटर के जरिए मुख्यमंत्री राहत कोष का बैंक खाता नंबर शेयर कर लोगों से मदद की अपील की। वरुण धवन, अनुष्का शर्मा और अभिषेक बच्चन समेत बॉलीवुड के कई कलाकारों ने हेल्पलाइन नंबर शेयर किए। साथ ही लोगों से मदद के लिए आगे आने को कहा। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने 25 करोड़, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और आंध्र के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने 10-10 करोड़ रुपए की सहायता का ऐलान किया।

प्रसव पीड़ा में गर्भवती को एयरलिफ्ट किया : नौसेना ने शुक्रवार को एर्नाकुलम में बाढ़ से घिरे अलुवा गांव की 25 साल की गर्भवती सजिता जबील को प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया। वहां जबील ने बच्चे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। बाढ़ से घिरे मकान की छत से महिला को रेस्क्यू किया गया। पहले डॉक्टर को छत पर उतारा और जांच के बाद एयरलिफ्ट किया।

60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं : पथनमथिट्‌टा, तिरुअनंतपुरम, कोल्लम, अलप्पुझा, कोट्‌टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड़ और वायनाड जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने से हालत और खराब हैं। मौसम विभाग ने केरल में रविवार तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।  

युद्धस्तर पर जुटी सेना : सेना की 16, नाैसेना की 28 और एनडीआरएफ की 39 टीम राहत-बचाव काम में युद्ध स्तर पर जुटी हैं। एनडीआरएफ ने चार हजार लोगों को बचाया है। नई दिल्ली में एनडीआरएफ के प्रवक्ता ने कहा कि 53 टीमों में से 51 को मैदान में उतारा गया है।

कर्नाटक में भी बाढ़ के हालात : कर्नाटक में भी कई जिलों में बाढ़ आई हुई है। वायुसेना ने बाढ़ में फंसे 873 लोगों को 17 राहत-शिविरों में पहुंचाया। दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़, उडुपी, चिकमंगलुरू, कोडगू, हासन का कुछ हिस्सा बाढ़ की चपेट में हैं। केरल की सीमा से लगे कोडगू में सेना को राहत-बचाव काम में लगाया गया है। कर्नाटक के 16 अन्य जिले सूखे की चपेट में हैं। केरल और कर्नाटक में बारिश से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कावेरी और गोदावरी सहित अन्य नदियां उफान पर हैं। तटीय गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है।

गुजरात समेत चार राज्यों में बारिश : मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान में फिर सक्रिय हो गया है। महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों से बारिश हो रही है। शुक्रवार को औरंगाबाद की रंगावली नदी में बाढ़ से 4 लोगों की मौत हो गई। मराठवाड़ा और विदर्भ में भी एक-एक युवक की जान गई। गुजरात में एक पखवाड़े के बाद कच्छ को छोड़कर अधिकतर हिस्साें में भारी बारिश हुई। अहमदाबाद में जलभराव से जनजीवन पर असर पड़ा। मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश ने जोर पकड़ लिया है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery