Saturday, 24th May 2025

सेंसेक्स पहली बार 38000 के पार, निफ्टी 11500 के करीब पहुंचा; सभी सेक्टर इंडेक्स में तेजी

Thu, Aug 9, 2018 6:28 PM

सेंसेक्स बुधवार को 221.76 अंक की तेजी के साथ 37887.56 पर बंद हुआ था

  • सेंसेक्स ने 12 जुलाई से 9 अगस्त तक 19 कारोबारी सत्रों में 13 नए उच्च स्तर छुए
  • निफ्टी ने 26 जुलाई से 9 अगस्त के बीच 9 कारोबारी सत्रों में 9 नए हाई बनाए

 

मुंबई. शेयर बाजार ने गुरुवार को भी नया रिकॉर्ड बनाया। सेंसेक्स 37,994.51 के स्तर पर खुला और कुछ ही देर में 38,000 के पार चला गया। इसने 38,061.06 का उच्च स्तर छुआ। निफ्टी ने 11,493.25 से शुरुआत करते हुए 11,495.20 का रिकॉर्ड बनायाा। एनएसई पर सभी सेक्टर इंडेक्स में तेजी दर्ज की गई। बैंक निफ्टी भी 28,216 के अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया।

बड़ी कंपनियों के साथ मिड और स्मॉल कैप शेयरों में भी खरीदारी देखी गई। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.5% तक चढ़े। निफ्टी की 50 में से 28 कंपनियों के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में 8% से ज्यादा उछाल आया। सन फार्मा, टाटा मोटर्स, एसबीआई और इंफोसिस के शेयर्स करीब 1.5% तक चढ़े।

बाजार में तेजी की वजह : विश्लेषकों के मुताबिक निवेशक लगातार खरीदारी कर रहे हैं। बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों की अच्छी मांग देखी जा रही है। विदेशी निवेशकों ने बुधवार को 568.63 करोड़ रुपए और घरेलू निवेशकों ने 30.25 करोड़ की खरीदारी की। कई बड़ी कंपनियों ने उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजे पेश किए। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भी बुधवार को बेहतर इकोनॉमिक ग्रोथ का अनुमान जताया। इन सभी वजहों से बाजार में बढ़त आई।

विदेशी बाजारों का हाल : हॉन्गकॉन्ग के हेंगसेंग में 0.89% ऊपर कारोबार देखा गया। चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 1.78% बढ़त दर्ज की गई। जापान के निक्केई में शुरुआती कारोबार के दौरान 0.27% गिरावट आई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी 0.03% नीचे आ गया। अमेरिका-चीन के बीच टैरिफ वॉर तेज होने की वजह से बुधवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। डाओ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज ने 0.18% नीचे कारोबार खत्म किया।

2018 में दुनियाभर के बाजारों में भारत का सबसे अच्छा प्रदर्शन

देश इंडेक्स जनवरी से अगस्त 2018 तक
भारत सेंसेक्स 12% बढ़त
अमेरिका डाओ जोंस 3.50% बढ़त
जापान निक्केई 0.70% गिरावट
चीन शंघाई कंपोजिट 15.55% गिरावट

सेंसेक्स 1 महीने में 5.80% चढ़ा : 9 जुलाई को सेंसेक्स 35,934.72 पर बंद हुआ था। 9 अगस्त को 38,000 के ऊपर आ गया। 10 जुलाई को सेंसेक्स 36,000 पर पहुंचा। 12 जुलाई से यह लगातार नए उच्च स्तर छू रहा है। उस दिन से अब तक (9 अगस्त) 19 कारोबारी सत्रों में इसने 13 नए उच्च स्तर छुए। एक महीने में सेंसेक्स में करीब 6% तेजी आई। दुनियाभर के बाजारों के प्रमुख इंडेक्स में 8 महीने में भी इतनी बढ़त नहीं आई।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery