नई दिल्ली। हॉलीवुड तक जलवा बिखेर चुकी बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा सोमवार को फिक्की लेडीज ऑर्गेनाइजेशन (एफएलओ) द्वारा होटल ताज पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में शरीक हुई। प्रियंका ने यहां बेबाकी से फिल्मी करियर के संघर्ष एवं चुनौतियों पर बातचीत की। प्रियंका ने उम्मीद जताई कि भारतीय अभिनेत्रियों के हॉलीवुड में मुख्य किरदार के अभिनय के लिए उन्होंने रास्ता खोला है।
प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि "क्वांटिको" शो खत्म होने के बाद वह किरदार "एलेक्स पैरिश" को पीछे छोड़ अब नई शुरुआत कर रही है। उन्होंने कहा कि हां, "एलेक्स" मेरी जिंदगी में कई अहम बदलाव की साक्षी बनी, लेकिन इससे कहीं ज्यादा मुझे इस बात की संतुष्टि है कि मैंने भारतीय अभिनेत्रियों के लिए हॉलीवुड में मुख्य किरदारों के अभिनय का द्वार खोला है। उन्होंने कहा कि हॉलीवुड में कई बेहतरीन फिल्में मिली हैं। वह "काउबॉय निंजा वाइकिंग" में क्रिस पै्रट के साथ दिखेंगी। इसके अलावा "ए किड लाइक जेक", "इजन्ट इट रोमांटिक", "बेवाच" में भी दिखेंगी।
प्रियंका चोपड़ा ने युवाओं से कहा कि अवसरों को पहचानना सीखना आना होगा। अवसर आपके दरवाजे नहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि जब हॉलीवुड में प्रस्ताव मिला एवं ऑडिशन हुआ तो मैं थोड़ी घबराई हुई थी। लेकिन, फिर मेरे दिल में खयाल आया कि जब भारत में लोग मेरे अभिनय को पसंद कर सकते हैं तो यहां क्यों नहीं। प्रियंका ने कहा कि अमेरिका को समझने के क्रम में यहां की कला, संस्कृति समेत अंग्रेजी का सही उच्चारण भी सीखा। उन्होंने कहा कि काउंटर टेररिज्म स्कवायड का शुद्ध उच्चारण सीखने में तीन दिन लगे थे।
Comment Now