सुकमा। बस्तर के सबसे संवेदनशील जिले सुकमा में भरी बरसात में पहली बार नक्सलियों के खिलाफ जंगल में मोर्चे पर उतरी पुलिस और सुरक्षाबल की टीम के हाथों बड़ी कामयाबी लगी है। यहां जंगलों में सुबह हुई मुठभेड़ में पुलिस और सुरक्षाबलों ने 14 नक्सलियों को मार गिराया है। एसपी अभिषेक मीणा ने घटना की पुष्टी की है। बताया जा रहा है कि मौके पर करीब 200 नक्सली मौजूद थे। पुलिस बल को किसी भी प्रकार के नुकसान की जानकारी नहीं है।
जानकारी के मुताबिक गोलापल्ली थाना क्षेत्र से सोमवार की सुबह जवान सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान नक्सलियों से उनका सामना हो गया। दोनों तरफ से तकरीबन 1 घंटे तक गोलीबारी चलती रही। इसके बाद नक्सलियों की ओर से फायरिंग बंद हो गई। जवानों को मोर्चे पर भारी पड़ता देख नक्सली वहां से भाग खड़े हुए।
घटना में करीब 14 नक्सलियों के मारे जाने का अंदाजा लगाया जा रहा है। गौरतलब है कि दो दिनों पहले मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने नक्सलियों को सीधी चुनौती दी थी, कि या तो वे सरेंडर करें, या फिर पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान उन्हें गोलियां मार देंगे। क्षेत्र में नक्सलियों के जमावड़े को देखते हुए अब मुठभेड़ के बाद सघन सर्चिंग भी जारी है।
जवान जंगलों में अंदर तक घुसकर नक्सली मांद को ढ़ूंढ रहे हैं। बता दें कि पहली बार भरी बारिश के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान कई नक्सलियों ने खुद सामने आकर आत्मसमर्पण करना भी शुरू कर दिया है।
Comment Now