Wednesday, 28th May 2025

खंडवा : घरों में थे गोवंश के कटे सिर-धड़ व मांस, 12 गोवंश जिंदा व कत्ल के हथियार जब्त, आधा दर्जन अवैध कत्लखाने तोड़े

Mon, Aug 6, 2018 7:48 PM

इमलीपुरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, सुबह 5.30 बजे पहुंच गई थी पुलिस व प्रशासन की टीम

- पांच आरोपी गिरफ्तार, 50 के खिलाफ प्रकरण बनाए स्लाटर हाउस में स्वच्छता संबंधी अनियमितता मिलने पर निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक निलंबित

 


खंडवा. इमलीपुरा क्षेत्र में बड़ी संख्या में गोवंश काटने की सूचना पर जिला प्रशासन व पुलिस ने इमलीपुरा स्लाटर हाउस क्षेत्र में रविवार सुबह 5.30 बजे 350 पुलिसकर्मियों के साथ दबिश दी। जवानों ने सर्चिंग की तो घरों में ही कत्लखाने मिले। यहां गोवंश के कटे सिर, धड़, मांस और कत्ल करने वाले औजार छिपाकर रखे थे। 12 गोवंश बंद कमरों में क्रूरतापूर्वक बंधे थे। 8 घंटे की कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियार जब्त किए। वहीं करीब आधा दर्जन अवैध कत्लखानों को जेसीबी से तोड़ा गया। स्लाटर हाउस में स्वच्छता संबंधी अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर ने निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक को मौके पर ही निलंबित कर दिया।


कलेक्टर विशेष गढ़पाले व पुलिस अधीक्षक रूचिवर्धन मिश्र ने रविवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। दोनों अफसर ट्रैक सूट में करीब 350 जवानों के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे। एक साथ इतना फोर्स देखकर क्षेत्र के लोग भी हैरान हो गए। अफसरों ने अलग-अलग टीम के साथ स्लाटर हाउस से लगे क्षेत्र में सर्चिंग शुरू की। सर्चिंग में अफसर और जवानों के भी होश उड़ गए जब उन्हें घरों में ही कत्लखाने, गोवंश के कटे सिर, धड़, मांस और भारी मात्रा में धारदार हथियार, खालें और हड्डियां मिलीं। क्रूरतापूर्वक बांध कर रखी गई 12 गाय व बछड़ों को जब्त कर गोशाला पहुंचाया। जिन घरों में कत्लखाने थे, वे दबिश के पहले ही फरार हो गए। पुलिस ने उनके घरों से आधार कार्ड, बिजली बिल व पहचान पत्र भी जब्त किए। जो पांच आरोपी गिरफ्तार हुए उनमें रफीक पिता खलील, इशाक पिता समंद और इरफान पिता रहमान। दो अन्य से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इनके नामों का खुलासा पुलिस ने नहीं किया।

एक सप्ताह से बन रही थी योजना: सूचना लीक ना हो इसलिए नहीं रखने दिए मोबाइल
एसपी मिश्र के निर्देशन में इमलीपुरा में गुप्त कार्रवाई की योजना एक सप्ताह से थी। शनिवार रात 12 से 2 बजे तक अफसरों ने मोघट थाने में योजना बनाई। योजना के अनुसार ही रविवार सुबह होने से पहले ही दबिश भी दी गई। सूचना लीक ना हो इसलिए कार्रवाई से ठीक पहले टीम में शामिल पुलिसकर्मियों के फोन जब्त कर लिए गए। केवल टीम लीडर के पास मोबाइल थे। परंतु ऐसी संभावना जताई जा रही है कि पुलिस द्वारा की जाने वाली इस कार्यवाही की सूचना किसी शख्स द्वारा लीक कर दी गई। जिसके चलते उतना गोवंश बरामद नहीं हो पाया, जितने की संभावना जताई जा रही थी।


तीन साल पहले हुई थी बड़ी कार्रवाई : कसाई खाना चलाने वालों ने बदल लिया था तरीका

ठीक ऐसी ही कार्रवाई 2015 में तत्कालीन एसपी महेंद्रसिंह सिकरवार ने भी की थी। उस समय कार्रवाई में ठीक इसी जगह पर भारी मात्रा में गोवंश सहित मांस, खाल, चर्बी, हड्डियों सहित चर्बी से बना घी सहित अन्य सामग्री बरामद हुई थी। इस कार्रवाई के बाद गोवंश की हत्या कर कसाई खाना चलाने वाले कारोबारियों ने अपने काम का तरीका बदलकर माल को एक जगह रखने के बजाय आसपास के क्षेत्रों में रखना शुरू कर दिया था। पिछले कुछ समय से पुलिस को मुखबिरों से क्षेत्र में बड़ी संख्या में गोवंश का कत्ल करने की जानकारी मिल रही थी। इसके बाद ही पुलिस ने गुप्त कार्रवाई की योजना बनाई थी।


सहायक राजस्व निरीक्षक पर इसलिए कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान जब कलेक्टर विशेष गढ़पाले स्लाटर हाउस पहुंचे तो उन्हें वहां गंदगी मिली। कटे गोवंश और गंदगी देखकर उन्होंने निगम कमिश्नर जेजे जोशी को तत्काल सहायक राजस्व निरीक्षक जाफर अहमद को निलंबित करने को कहा। निर्देश के बाद आयुक्त ने जाफर अहमद को निलंबित कर दिया।


परीक्षण के लिए लैब में भेजेंगे जब्त मांस
मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गोवंश अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। जब्त मांस किस जानवर का है, परीक्षण के लिए लैब भेजा जाएगा। -रूचि वर्धन मिश्र, एसपी

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery