बॉलीवुड डेस्क.1983 में राज कपूर ने एक 22 साल की लड़की को देखा और उसकी खूबसूरती के कायल हो गए। वह लड़की यास्मीन जोसफ थी। राज कपूर ने यास्मीन को अपनी फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' के लिए चुन लिया। लेकिन उसके असली नाम से नहीं, बल्कि मंदाकिनी बना कर पर्दे पर उतारा। आज मंदाकिनी का 54वां जन्मदिन है। लेकिन मंदाकिनी के बारे में कई ऐसी बातें भी हैं, जिन पर शायद ही आपने कभी गौर किया हो।
राम तेरी गंगा मैली न होती डेब्यू फिल्म :डेब्यू से पहले मंदाकिनी को 3 फिल्म मेकर्स रिजेक्ट कर चुके थे। इसके बाद रंजीत विर्क ने मंदाकिनी को माधुरी नाम दिया और उन्हें अपनी फिल्म मजलूम के लिए कास्ट कर लिया।
- रंजीत की फिल्म शुरू हो पाती, इसके पहले ही मंदाकिनी को राज कपूर ने लॉन्च करने का फैसला कर लिया।
पहली पसंद नहीं थी मंदाकिनी : राम तेरी गंगा मैली से डेब्यू करने वाली मंदाकिनी, गंगा के रोल के लिए राज कपूर की पहली पसंद नहीं थी। राज कपूर ने पहले संजना कपूर को लॉन्च करने का प्लान किया। लेकिन आइडिया ड्रॉप कर दिया। बाद में गंगा के रोल के लिए डिम्पल कपाड़िया का भी स्क्रीन टेस्ट लिया गया।
- फाइनली राज कपूर ने मेरठ की रहने वाली यास्मीन जोसेफ को मंदाकिनी नाम से फिल्म में लॉन्च किया।
एक्टिंग के बाद की सिंगिंग : 1986 में मंदाकिनी ने बप्पी लहरी के साथ पॉप डिस्को एल्बम 'डांसिंग सिटी' रिलीज किया। एल्बम के सारे गाने पहले नाजिया हसन ने गाए थे, लेकिन बप्पी ने नाजिया से हुए मनमुटाव के बाद सारे सॉन्ग मंदाकिनी से डब करवाए।
- फिल्में छोड़ने के बाद मंदाकिनी के दो म्यूजिक एल्बम आए। पहला था नो वैकेंसी और दूसरा शम्बाला। लेकिन यहां मंदाकिनी की आवाज का जादू नहीं चला।
बनाया होम प्रोडक्शन A.M.A. : मंदाकिनी ने 1990 में होम प्रोडक्शन बैनर बनाया। जिसे A.M.A नाम दिया। यह पार्टनरशिप में खोला प्रोडक्शन हाउस था, जिसमें मंदाकिनी के साथ आदित्य पंचोली और अजीत दीवान थे। प्रोडक्शन हाउस ने नामचीन टाइटल से फिल्म बनाई। पैसों को लेकर मंदाकिनी और अजीत के बीच कुछ इश्यूज बने। जिसके बाद अजीत और आदित्य पंचोली ने मंदाकिनी को बिना बताए फिल्म से रिप्लेस कर दिया।
- मंदाकिनी को बिना बताए ही दोनों पार्टनर ने फिल्म कम्पलीट भी कर ली। इस घटना के बाद मंदाकिनी खुद को ठगा सा महसूस करती रहीं।
इनके साथ जुड़ा नाम :1994-95 में मंदाकिनी को दुबई शारजाह में भारत-पाकिस्तान के क्रिकेट मैच के दौरान अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम के साथ देखा गया। दोनों की फोटो और कई कहानियाें ने सुर्खियां भी बटोरीं। लेकिन मंदाकिनी ने हमेशा इस बात को खारिज किया।
- दाउद के अलावा मंदाकिनी का नाम अभिनेता आशीष चन्ना, असलम खान और बी सुभाष के साथ भी जोड़ा गया।
पति रिनपोचे थे बौद्ध भिक्षु: मंदाकिनी के पति डॉ. कगयुन टी रिनपोचे ठाकुर दलाई लामा के फालोअर हैं। वे मुंबई में ही रहते थे, जब उनकी मुलाकात मंदाकिनी से हुई। दोनों ने 1990 में शादी कर ली। बौद्ध भिक्षु रह चुके रिनपोचे, 1970 के दशक में मर्फी रेडियो के एड का बेबी फेस थे।
- मंदाकिनी ने शादी के कुछ साल बाद तक फिल्मों में काम किया। आखिरी बार मंदाकिनी को 1996 में आई मूवी जोरदार में देखा गया था।
- फिल्मों से दूर मंदाकिनी इन दिनों पति डॉ. रिनपोचे ठाकुर के साथ तिब्बती हर्बल सेंटर और तिब्बती योगा क्लासेस चला रही हैं।
एक्स्ट्रा शॉट -
1985 में युसुफ सलीम की फिल्म पतिव्रता और 1986 में मजनून फिल्म में भी मंदाकिनी को कास्ट किया गया था। लेकिन दोनों ही फिल्में डब्बाबंद हो गईं।
Comment Now