Saturday, 24th May 2025

अमेरिका बोला- डोकलाम में चीन ने चुपचाप फिर शुरू कीं गतिविधियां, भारत का इनकार

Fri, Jul 27, 2018 8:06 PM

वाशिंगटन। अमेरिका के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि चीन ने डोकलाम इलाके में चुपचाप अपनी गतिविधियां फिर से शुरू कर दी हैं और न तो भूटान और न ही भारत ने उसे ऐसा करने से रोका है। दक्षिणी एवं मध्य एशिया के लिए विदेश मंत्रालय के प्रमुख उप सहायक एलीस जी वेल्स ने संसदीय सुनवाई के दौरान यह बात कही। हालांकि, भारत के विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने इन दावों को खारिज किया है।

उन्होंने सांसदों से कहा कि मेरा आकलन है कि भारत मजबूती से अपनी उत्तरी सीमा का बचाव कर रहा है और चीन की गतिविधि भारत के लिए चिंता का विषय है। वेल्स भारतीय सीमा के निकट सड़क बनाने की चीन की उग्र गतिविधियों के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

भारत और चीन के बीच हिमालयी क्षेत्रों को लेकर लगातार विवाद होते रहे हैं। हाल ही में चीन और भारत के बीच डोकलाम को लेकर गतिरोध पैदा हो गया था। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने डोकलाम में सड़क निर्माण का काम शुरू किया था। इसके बाद से चीन और भारत के बीच इस मुद्दे पर कई दिनों तक गतिरोध रहा था।

 

महिला सांसद एन वेगनर ने कहा कि हालांकि दोनों देश बाद में पीछे हट गए थे। लेकिन, चीन ने डोकलाम में फिर से अपनी गतिविधियां चुपचाप शुरू कर दी हैं। हिमालयी क्षेत्र में चीन की गतिविधि मुझे उसके दक्षिण चीन सागर नीति की याद दिलाती हैं। चीन पूरे दक्षिण चीन सागर पर अपना दावा करता रहा है। वहीं वियतनाम, मलेशिया, फिलीपींस, ब्रुनेई और ताईवान इस दावे का विरोध करते रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले साल जून माह में भारत और चीन के सैनिक डोकलाम में आमने-सामने आ गए थे। चीन वहां पर सड़क निर्माण करना चाहता था। लेकिन, भारत ने चीनी सैनिकों को सड़क बनाने से रोक दिया। 28 अगस्त को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से ठीक पहले गतिरोध खत्म हुआ और दोनों देशों के सैनिक पुरानी स्थिति में लौट गए।

 

वीके सिंह बोले, स्थिति में कोई बदलाव नहीं

चीन द्वारा डोकलाम में चुपचाप निर्माण कार्य शुरू किए जाने की खबरों के बीच विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा है कि वहां स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। गुरुवार को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने कहा कि 28 अगस्त, 2017 को भारत और चीन के बीच गतिरोध खत्म होने के बाद से विवादित जगह पर कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ है। वहां पर यथास्थिति कायम है। चीन के साथ उच्च स्तर पर होने वाली बातचीत में सरकार लगातार यह बात कहती रही है कि द्विपक्षीय संबंधों को आगे ले जाने के लिए सीमा पर शांति जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार सुरक्षा से जुड़े मामलों पर नजर रखती है और इसकी सुरक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय करती रहती है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery