Friday, 18th July 2025

अलवर मॉब लिंचिंग में राजस्थान पुलिस ने गलती मानी, कहा- जो हुआ वो टाला जा सकता था

Tue, Jul 24, 2018 8:00 PM

  • अलवर में भीड़ ने 28 साल के अकबर को गोतस्कर समझकर पीट-पीटकर मार डाला
  • स्पेशल डीजी एनआरके रेड्डी ने माना- पुलिस टीम ने सही फैसले नहीं लिए
  • पुलिस ने अकबर की पिटाई की या नहीं, इस पर स्थिति साफ नहीं

रामगढ़.अलवर जिले में मॉब लिंचिंग में अकबर उर्फ रकबर की मौत और पुलिस की भूमिका पर दैनिक भास्कर के उठाए सवालों के बाद एडीजीपी स्तर के अफसर के नेतृत्व में 4 सदस्यीय टीम ने रामगढ़ में पूरे घटनाक्रम की जांच की। सोमवार शाम करीब 7 बजे स्पेशल डीजी (कानून-व्यवस्था) एनआरके रेड्डी ने कहा, "प्रथमदृष्टया मामले में पुलिस टीम के निर्णय में चूक सामने आई है। जो हुआ वह टाला जा सकता था। वे (पुलिस वाले) प्राथमिकता के आधार पर उचित फैसला नहीं ले सके। पूरे मामले की एएसपी स्तर की जांच जारी रहेगी।" रामगढ़ पुलिस पर आरोप है कि वह जख्मी अकबर को अस्पताल की जगह पहले थाने ले गई। वक्त पर इलाज नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई। कुछ गवाहों का कहना है कि अकबर को उन्होंने पुलिस की जीप में बैठे देखा था।

घटनास्थल पर मौजूद प्रभारी अधिकारी एएसआई मोहन सिंह को सस्पेंड कर दिया है, जबकि तीन कांस्टेबलों विजय सिंह, सुरेंद्र सिंह और हरेंद्र सिंह को लाइन हाजिर किया है। हालांकि, पुलिस ने अकबर की पिटाई की या नहीं, इस पर उन्होंने साफ-साफ कुछ नहीं कहा।

अकबर की भीड़ ने घेरकर पिटाई की:अलवर के पास रामगढ़ के गांव ललावंडी में 20 जुलाई की रात अकबर उर्फ रकबर मेव (28) को पीट-पीटकर कर मार दिया गया था। अकबर अपने साथी असलम के साथ गाय लेकर पैदल हरियाणा जा रहा था। खेतों में ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। असलम तो बचकर भाग निकला, लेकिन भीड़ ने अकबर की लाठी-डंडों से हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर ललावंडी के धर्मेन्द्र यादव और परमजीत को गिरफ्तार किया है।

चश्मदीद बोला- युवक पुलिस की गाड़ी में था:सोमवार को रामगढ़ में गोविंदगढ़ मोड़ पर ही चाय बेचने वाले एक दुकानदार ने दावा किया कि रामगढ़ पुलिस एक युवक को जीप में ले जाते वक्त रात करीब सवा तीन बजे उसकी दुकान पर रुकी थी। पुलिस वालों ने यहां चाय पी। मैंने पुलिसवालों को युवक को पीटते देखा।

3 दिन में मौत पर तीसरी जांच टीम:भास्कर ने 22 जुलाई को चश्मदीद के बयान से सवाल उठाया था। चश्मदीद का दावा था कि अकबर की मौत कस्टडी में मारपीट से हुई। पुलिस ने अस्पताल ले जाने में 3 घंटे देरी की। खबर के बाद जांच जयपुर क्राइम ब्रांच के एडिशनल एसपी (सतर्कता) को दे दी गई। 23 जुलाई को भास्कर ने एफआईआर का झूठ खोला। एफआईआर में लिखा था कि अकबर ने मौत से पहले नाम-पता बताया था। लेकिन अस्पताल में उसे अज्ञात बताकर एंट्री हुई थी।

परिवार को पुलिस पर पूरा भरोसा: मृतक के पिता सुलेमान ने कहा कि पुलिस जांच पर भरोसा है। सीबीआई से जांच नहीं चाहते। जिला मेव पंचायत के संरक्षक शेर मोहम्मद ने कहा कि सरकार ने 7 दिन में एसआईटी को जांच नहीं सौंपी तो बड़ा आंदोलन करेंगे। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता जितेन्द्र सिंह ने कहा कि पुलिस खुद ही आरोपी है, वह इसकी क्या जांच करेगी? सीबीआई जांच हो।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery