Friday, 23rd May 2025

छत्तीसगढ़ के पहले वित्त मंत्री रामचंद्र सिंहदेव का निधन, कुछ दिनों से रायपुर में चल रहा था इलाज

Fri, Jul 20, 2018 6:47 PM

अविभाजित मध्य प्रदेश में भी रहे कैबिनेट मंत्री, कोरिया नरेश और कोरिया कुमार के नाम से थे विख्यात

रायपुर।छत्तीसगढ़ के पहले वित्त मंत्री और कोरिया के राजा कहे जाने वाले 88 वर्षीय रामचंद्र सिंहदेव का गुरुवार देर रात करीब 1.30 बजे निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस भवन लाया जाएगा। रामचंद्र सिंहदेव अविभाजित मध्य प्रदेश में भी कैबिनेट मंत्री रहे। वो कोरिया नरेश और कोरिया कुमार के नाम से भी विख्यात थे।

- पिछले कुछ दिनों से उनका रायपुर के रामकृष्ण मिशन अस्पताल में उपचार चल रहा था। उन्हें बुधवार को सांस लेने में तकलीफ के कारण अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जहां उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। उनकी तबीयत लगातार गंभीर बनी हुई थी।

- मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ में जब पहली सरकार बनी तो रामचंद्र सिंहदेव वित्त मंत्री थे। उन्हें अर्थशास्त्र का जानकार माना जाता था। डाॅ सिंह देव की स्कूली शिक्षा राजकुमार कालेज से हुई है। उसके बाद आगे की शिक्षा के लिए वे इलाहाबाद विश्वविद्यालय पढ़ने गए। जहां पर उनके सहपाठी विश्वनाथ प्रताप सिंह व नारायण दत्त तिवारी रहे। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी सिंह उनके जूनियर रहे हैं।

6 बार लगातार चुनाव जीते और 16 विभागों के मंत्री बने

- कोरिया राजघराने के रामचंद्र सिंहदेव ने 1967 में विधानसभा का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। अविभाजित मध्यप्रदेश में एक ऐसा दौर भी आया था जब 1967 में चुनाव जीतने के बाद रामचंद्र सिंहदेव ने एक साथ 16 विभाग संभाले थे। यह उस वक़्त का रिकॉर्ड था। इसके बाद से वे अब तक 6 बार चुनाव जीतकर अविभाजित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में विभिन्न महत्वपूर्ण मंत्री पदों पर आसीन रहे थे।

- एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि मंत्रालय के एक कमरे से निकलकर दूसरे कमरे में जाना मीटिंग लेना ये उनकी आदत का हिस्सा बन गया था। करीब 6 महीने तक इन सभी विभागों की जिम्मेदारी इनके पास रही।

सीएम बोले- प्रदेश ने एक ईमानदार नेता खो दिया

- मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य के पूर्व वित्त मंत्री डॉ . रामचन्द्र सिंहदेव के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है । उन्होंने कहा है कि डॉ .सिंहदेव अपने सुदीर्घ सार्वजनिक जीवन में सक्रिय सभी लोगों के लिए सादगी और शुचिता के प्रतीक और प्रेरणास्रोत थे। छत्तीसगढ़ ने एक ईमानदार नेता को खो दिया है।

- मुख्यमंत्री ने कहा तत्कालीन अविभाजित मध्यप्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों के मंत्री और वर्ष 2000 में गठित छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रथम वित्त मंत्री के रूप में आम जनता की बेहतरी के लिए डॉ .सिंहदेव के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा ।

- सीएम ने कहा, स्वर्गीय डॉ. सिंहदेव एक विद्वान अर्थशास्त्री और चिंतक थे । पर्यावरण और जल संसाधन जैसे विषयों पर भी उनकी गहरी पकड़ और विशेषज्ञता थी ।रमनसिंह ने स्वर्गीय सिंहदेव के साथ अपने वर्षों पुराने आत्मीय सम्बन्धों को याद करते हुए कहा मुझे भी हमेशा उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलता रहा ।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery