वॉशिंगटन.रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को कहा, अमेरिका की कुछ ताकतें अपने फायदे के लिए दोनों देशों के रिश्ते बिगाड़ना चाहती हैं। वे करोड़ों लोगों को अपने हिसाब से कहानी सुना रहे हैं। उन्होंने यह बात हेलसिंकी में समिट के दौरान दिए बयानों पर घिरे ट्रम्प के बचाव में कही। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूसी राष्ट्रपति को वॉशिंगटन आने का न्योता दिया है। वाइट हाउस की सेक्रेटरी साराह हुकाबी सैंडर्स ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया, ट्रम्प-पुतिन की अगली मीटिंग की घोषणा ट्विट से की गई है। हालांकि इसकी तारीख अभी तय नहीं है।
16 जुलाई को पुतिन के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रम्प ने कहा था, 2016 के अमेरिकी चुनाव में रूस का कोई हस्तक्षेप नहीं था। इस पर अमेरिकी मीडिया में उनकी काफी आलोचना हुई। 17 जुलाई को ट्रम्प ने बयान जारी किया कि उन्होंने एक वाक्य गलत पढ़ दिया था। 18 जुलाई को उन्होंने कहा, चुनाव में हस्तक्षेप के लिए पुतिन पूरी तरह जिम्मेदार हैं। वे गुनहगार हैं, क्योंकि वे रूस के नेता हैं। इसके बाद 19 जुलाई को ट्रम्प बोले, पुतिन के साथ उनकी मुलाकात कई मायनों में सफल रही। वे रूसी राष्ट्रपति के साथ दूसरी मुलाकात के बारे में सोच रहे हैं। पहली मीटिंग की आलोचना करने वालों को ट्रम्प ने ‘ट्रम्प सिंड्रोम’का शिकार बताया। यह भी कहा कि फेक न्यूज मीडिया उनकी और रूस की दोस्ती नहीं देखना चाहता।
टाइम ने ट्रम्प-पुतिन की मिली-जुली शक्ल का कवर पेज बनाया: टाइम मैगजीन ने लगातार दूसरे महीने अपने कवर पेज से ट्रम्प पर निशाना साधा है। मैगजीन ने इस महीने कवर पेज पर ट्रम्प और पुतिन के चेहरों की मिली-जुली फोटो लगाई है। इसमें ट्रम्प के बालों, होठों और आईब्रो के साथ पुतिन की नाक और नीली आंखें जोड़ी गई हैं। टाइम के स्टेटमेंट में कहा गया है कि उनका कवर पेज ट्रम्प और पुतिन की मुलाकात के बाद हालिया अमेरिकी विदेश नीति को दर्शाता है। पिछले महीने भी टाइम ने ट्रम्प को कवर पेज में शामिल किया था। इसमें ट्रम्प प्रशासन की परिवारों को सीमा पर अलग करने की नीति पर तंज कसा गया था। कवर में ट्रम्प के साथ परिवार से बिछड़ा एक रोता बच्चा दिखाया गया और इसका टाइटल था ‘वेलकम टू अमेरिका।’
Comment Now