पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को पटना पहुंचे। यहां उनके शानदार स्वागत के बाद उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। यह मुलाकात एक घंटे से ज्यादा समय तक चली। इस बैठक में अमित शाह और नीतीश कुमार के अलावा सुशील मोदी भी मौजूद थे। हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि दोनों के बीच क्या बात हुई है।
नाश्ते पर हुई इस मुलाकात के बाद नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए बाहर निकले और अपनी गाड़ी में सवार होकर रवाना हो गए। उन्होंने इस दौरान मीडिया के किसी सवाल का कोई जवाब नहीं दिया।
शाह के दौरे को लेकर पार्टी की तैयारियों और कई चरणों में होने वाली बैठकों की योजना से साफ है कि भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष संपूर्ण क्रांति की धरती पर मिशन-2019 फतह का चक्रव्यूह तैयार करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव पटना पहुंच चुके हैं। भूपेंद्र के साथ बिहार के सह प्रभारी पवन शर्मा और सीआर पाटिल भी कैंप कर रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के बीच चर्चा है कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा अध्यक्ष के बीच जलपान और रात्रि भोजन के दौरान सीट बंटवारे पर भी चर्चा हो सकती है। शाह की खातिरदारी के लिए नीतीश ने राजकीय अतिथिशाला में सुबह का जलपान तय किया है। साथ ही रात्रि भोजन के लिए शाह को अपने सरकारी आवास पर भी आमंत्रित किया है।
सीमांचल पर विशेष फोकस
राजग की नजर उन सात सीटों पर है, जिन्हें मोदी लहर में भी विपक्षियों ने जीत लिया था। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार शाह ऐसा फॉर्मूला लेकर आ रहे हैं, जिसपर राजग के चारों घटक दल बिहार में एक साथ मिलकर काम करेंगे। भाजपा का प्लान बिहार की सभी 40 संसदीय सीटों पर राजग की जीत सुनिश्चित करना है। माना जा रहा है कि चर्चा के दौरान शाह जदयू से उसके मजबूत जनाधार वाले क्षेत्र सीमांचल की संसदीय सीटों पर ज्यादा फोकस करने का आग्रह करेंगे।
भाजपा ने सीमांचल में नीतीश की धर्मनिरपेक्ष छवि को भुनाने का प्लान तैयार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में राजग की झोली में बिहार की 40 संसदीय सीटों में से कुल 31 सीटें आई थीं। अब चूंकि जदयू भी राजग का हिस्सा है, ऐसे में कुल 33 सीटों पर राजग का कब्जा है। बाकी की सात सीटों पर राजद, कांग्रेस, एनसीपी और अन्य का कब्जा है।
शाह के स्वागत में भगवामय हुई बिहार की राजधानी
नगर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की गुरुवार को शानदार खातिरदारी की तैयारी है। पार्टी के पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ताओं ने पटना को भगवामय बना दिया है। बिहार भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय देर रात तक कार्यकर्ताओं के साथ मुकम्मल इंतजाम सुनिश्चित करने में जुटे नजर आए।
शाह गुरुवार को सुबह 10 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से स्टेट गेस्ट हाउस जाएंगे। एयरपोर्ट पर महिला मोर्चा की नेत्रियां पुष्पवर्षा कर पारंपरिक तरीके से अभिनंदन करेंगीं। हवाईअड्डे से बाबू सभागार तक 13 तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। फूलों की बारिश और शंखध्वनि से शाह का अभिनंदन होगा।
Comment Now