- निफ्टी 1 फरवरी 2018 के बाद पहली पार 11,000 के ऊपर
- निफ्टी पर सभी सेक्टर इंडेक्स में बढ़त
मुंबई. शेयर बाजार गुरुवार को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। सेंसेक्स 36424.23 पर खुला और कारोबार के दौरान 36584.75 तक चढ़ा। इससे पहले सेंसेक्स का उच्च स्तर 36,443.98 है जो इसने 29 जनवरी को छुआ था। निफ्टी ने 11,006.95 से शुरुआत की और 11,047.30का हाई बनाया। एक फरवरी 2018 के बाद पहली बार निफ्टी 11,000 के ऊपर आया है। एक्सपर्ट के मुताबिक कच्चे तेल में तेज गिरावट की वजह से शेयर बाजार में तेजी आई है। निफ्टी इस साल ऊपर की ओर 11,200-11,300 के बीच और नीचे की ओर 9,500-10,000 के दायरे में रह सकता है।
बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में तेजी देखी जा रही है। यस बैंक 2% से ज्यादा चढ़ा है। एसबीआई, आईसीआईसीआई, एक्सिस और इंडसइंड बैंक के शेयरों में भी 1.5% उछाल आया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज में 2% से ज्यादा बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी पर सभी 11 इंडेक्स तेजी पर हैं। पीएसयू बैंक इंडेक्स में 1.77% और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.88% बढ़त दर्ज की गई है। मेटल, फार्मा, ऑटो, एफएमसीजी, रियल्टी और आईटी इंडेक्स भी हरे निशान में हैं।
क्रूड सस्ता होने से तेल कंपनियों के शेयर चढ़े :हिंदुस्तान पेट्रोलियम का शेयर 4% से ज्यादा चढ़ा। आईओसी और बीपीसीएल में 3% से ज्यादा उछाल आया है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के रेट घटने से इन कंपनियों के लिए इंपोर्ट सस्ता होगा। इसी उम्मीद में इनके शेयरों में अच्छी खरीदारी देखी जा रही है। बुधवार को ब्रेंट क्रूड 6.9% गिरकर 73.40 डॉलर प्रति बैरल रहा।
Comment Now