सूरत. शहर के नवागाम फ्लाईओवर पर रविवार रात को एक एसयूवी पजेरो ने तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। पजेरो तेज रफ्तार और गलत दिशा में चल रही थी। हादसे में से तीन की मौत हो गई। इस दौरान एक चमत्कार भी हुआ। तेज रफ्तार आ रही एसयूवी को आते देख पहले एक बाइक सवार दंपती रोहित और लक्ष्मी ने अपनी गाड़ी को रेलिंग की ओर मोड़ दिया। दोनों बच गए और संभलकर वहीं खड़े हो गए। लेकिन उनके पीछे चल रही तीन बाइक पजेरो की चपेट में आ गईं। इनमें से एक बाइक पर युवक के साथ एक महिला, 6 महीने का बच्चा और करीब 8-9 साल की बच्ची बैठी थी। टक्कर की वजह से वे ब्रिज से नीचे गिरने लगे। तभी महिला ने गिरते वक्त रोहित और लक्ष्मी को देख लिया। उसने अपने बेटे को बचाने के लिए फौरन उसे दोनों की ओर हवा में उछाल दिया। लक्ष्मी ने उसे झटके में लपक लिया। इससे बच्चे की जान बच गई। लेकिन बच्चे के पिता, मां और बहन की मौत हो गई।
टक्कर मारने के बाद पजेरो में सवार तीन लोग उतरकर भाग गए। तीनाें अलग-अलग दिशा में भागे। देर रात तक पजेरों के मालिक का पता नहीं चल सका। चश्मदीदों के अनुसार पजेरो का चालक शराब के नशे में था। इस हादसे में दो लोग जख्मी भी हुए हैं।
Comment Now