खेल डेस्क.विश्व कप में ग्रुप स्टेज के मैच खत्म होने के बाद अर्जेंटीना और पुर्तगाल प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं। 30 जून को अर्जेंटीना का मुकाबला फ्रांस से और पुर्तगाल का उरुग्वे से होगा। दोनों टीमें अगर अपने मैच जीत लेती हैं तो 6 जुलाई को क्वार्टर फाइनल में फुटबॉल के मौजूदा दौर के दो सबसे बड़े खिलाड़ी अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो आमने-सामने होंगे। विश्व कप में अब तक दोनों खिलाड़ियों की टक्कर नहीं हुई है। प्रदर्शन के हिसाब से इस बार रोनाल्डो आगे हैं। उन्होंने 3 मैचों में 4 गोल किए हैं। वहीं, मेसी शुरुआती दो मुकाबलों में गोल करने में नाकाम रहे। हालांकि, नाइजीरिया के खिलाफ पिछले मैच में गोल दागकर उन्होंने फॉर्म में वापसी के संकेत दिए।
रोनाल्डो के इस बार 4 गोल:रोनाल्डो ने पहली बार 2006 में विश्व कप खेला था। तब वे 6 मैचों में एक ही गोल ही कर पाए थे। उनकी टीम सेमीफाइनल तक पहुंची। दूसरी बार 2010 में भी वे एक ही गोल कर पाए थे। उनकी टीम प्री-क्वार्टर फाइनल में हार गई। पिछली बार 2014 में रोनाल्डो फिर से एक ही गोल कर सके। उनकी टीम ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गई। हालांकि, अभी चल रहे विश्व कप में उन्होंने पहले ही मैच में तीन गोल कर दिए। दूसरे मैच में भी उन्होंने एक गोल किया। विश्व कप के 16 मैच में उनके 7 गोल हो गए हैं। उधर, मेसी ने भी 2006 में अपने पहले विश्व कप में एक ही गोल किया था। 2010 विश्व कप में उन्होंने एक भी गोल नहीं किया और अर्जेंटीना क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गई। 2014 विश्व कप में मेसी का जादू चला। उन्होंने 7 मैच में 4 गोल किए और टीम को फाइनल तक पहुंचाया, जहां उनकी टीम जर्मनी के हाथों हार गई। इस विश्व कप में मेसी पहले दो मैच में नाकाम रहे, लेकिन पिछले मैच में नाइजीरिया के खिलाफ गोल कर दिया।
इस बार रोनाल्डो मेसी से 3 गोल आगे, लेकिन पासिंग में पीछे
मेसी | रोनाल्डो | |
मैच | 3 | 3 |
मिनट | 270 | 270 |
गोल | 1 | 4 |
पास | 134 | 74 |
गोल की कोशिश | 8 | 10 |
पुर्तगाल आसानी और अर्जेंटीना मुश्किल से आखिरी 16 में पहुंचा:पुर्तगाल का इस विश्व कप में प्री-क्वार्टर फाइनल तक का सफर अर्जेंटीना के मुकाबले आसान रहा है। उसने अपने पहले मैच में स्पेन को 3-3 की बराबरी पर रोक दिया। दूसरे मैच में मोरक्को के खिलाफ 1-0 की आसान जीत दर्ज की। तीसरे मैच में पुर्तगाल ने ईरान से 1-1 से ड्रॉ खेला। ग्रुप स्टेज तक वह कोई भी मैच नहीं हारा। जबकि, अर्जेंटीना को पहले ही मैच में आइसलैंड ने 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। दूसरे मैच में क्रोएशिया ने 3-0 से हरा दिया। इससे उस पर बाहर होने का खतरा मंडराने लगा था। लेकिन, नाइजीरिया के खिलाफ 2-1 से मैच जीतकर उसने प्री-क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान बनाया।
Comment Now