वॉशिंगटन. अमेरिका के मेरीलैंड में गुरुवार देर रात एक अखबार कैपिटल गजट के न्यूजरूम में एक शख्स जैरड रामोस (38) ने गोलीबारी की। इसमें पांच की मौत हो गई, वहीं 5 से ज्यादा जख्मी हैं। संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, रामोस कैपिटल गजट में अपने खिलाफ खबर छापने से नाराज था। अखबार के क्राइम रिपोर्टर फिल डेविस ने ट्वीट किया कि हमलावर ने कांच के दरवाजे के पीछे से गोलीबारी की। इसी साल फरवरी में फ्लोरिडा के हाईस्कूल में गोलीबारी में 17 और मई में टेक्सास के एक स्कूल में गोलीबारी में 10 लोग मारे गए थे।
पुलिस ने बताया कि कैपिटल गजट को लेकर सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही थीं। ये धमकियां किसके अकाउंट से दी गईं, इसकी जांच की जा रही है। कैपिटल के संपादक जिमी डिबट्स ने कहा कि ये घटना हिला देने वाली है। फिलहाल ज्यादा कुछ कहने की हालत में नहीं हूं। मैं बस इतना ही जानता हूं कि हमारे रिपोर्टर और एडिटर्स हफ्ते में 40 घंटे काम नहीं करते। उनकी तनख्वाह भी ज्यादा नहीं है लेकिन उनमें खबरें ढूंढने का जुनून है।
रामोस ने लोगों को मारने की बात लिखी थी: 2012 में रामोस ने कैपिटल गजट में कॉलम लिखने वाले एरिक हार्टले और तब एडिटर रहे थॉमस मारक्वार्ट पर मानहानि का केस दायर किया था। हार्टले ने अखबार में लिखा था कि रामोस ने एक महिला को फेसबुक पर अश्लील नामों से बुलाया और जान से मारने की धमकी दी। रामोस को इसके लिए आपराधिक शोषण का दोषी पाया गया। 2015 में मेरीलैंड की कोर्ट ने कैपिटल गजट और एक पूर्व रिपोर्टर के पक्ष में फैसला सुनाया। बाद में रामोस ने ट्विटर पर लिखा कि उसने खुद को बचाने के लिए उसने एक नया अकाउंट बनाया। उसने लिखा कि वह ऐन अरुंडेल इलाके में रहने वाले लोगों के खिलाफ केस दायर करेगा और भ्रष्ट लोगों को मार देगा।
Comment Now