लंदन. महिलाओं पर अत्याचार के लिहाज से भारत दुनिया का सबसे खतरनाक देश है। एक सर्वे में यौन हिंसा और बंधुआ मजदूरी को इसकी वजह बताया गया है। थॉमसन रॉयटर्स फाउंडेशन ने मंगलवार को महिलाओं के मुद्दे पर 550 एक्सपर्ट्स का सर्वे जारी किया। इसमें घरेलू काम के लिए मानव तस्करी, जबरन शादी और बंधक बनाकर यौन शोषण के लिहाज से भी भारत को खतरनाक करार दिया है। महिलाओं के लिए खतरनाक टॉप 10 देशों में पाकिस्तान छठे नंबर पर है।
सर्वे में ये भी कहा गया है कि देश की सांस्कृतिक परंपराएं भी महिलाओं पर असर डालती हैं। इसके चलते उन्हें एसिड अटैक, गर्भ में बच्ची की हत्या, बाल विवाह और शारीरिक शोषण का सामना करना पड़ता है। सात साल पहले इसी सर्वे में भारत महिलाओं के मामले में दुनिया में चौथे नंबर का सबसे खतरनाक देश था।
ग्रामीण महिलाओं की स्थिति चिंताजनक: रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में महिलाओं को तस्करी से सबसे ज्यादा खतरा है। महिलाओं को भारत में अभी भी यौन शोषण की चीज माना जाता है। भारत में 2016 में मानव तस्करी के 15 हजार मामले दर्ज किए गए जिनमें से दो तिहाई महिलाओं से जुड़े थे। इनमें से आधी महिलाओं की उम्र 18 साल से कम थी। ज्यादातर महिलाओं को जिस्मफरोशी या घर में काम करने के लिए बेचा गया था। भारत की तस्करी विरोधी संस्था रेस्क्यू फाउंडेशन की त्रिवेणी आचार्य कहती हैं, "तस्करी एक वैश्विक मुद्दा है लेकिन मैंने जितनी भी पीड़िता देखी हैं, उनमें दक्षिण-पूर्व भारत खासकर भारत की सबसे ज्यादा विक्टिम हैं। लड़कियों को अभी भी उनके माता-पिता बोझ और लड़कों से कमतर मानते हैं। ग्रामीण लड़कियों को बड़े शहरों में नौकरी दिलाने या शादी कराने के नाम पर ले जाया जाता है।'
भारत में महिलाओं की सुरक्षा करने में कानून नाकाफी: दिसंबर 2012 में दिल्ली में निर्भया सामूहिक दुष्कर्म केस हुआ। पीड़िता की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद केंद्र सरकार ने यौन हिंसा को रोकने के लिए कई सुधार किए। यौन हिंसा पर जुर्माना और सजा की अवधि बढ़ाई है, दोषी को मौत की सजा का प्रस्ताव भी रखा है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) के मुताबिक, भारत में रोज यौन हिंसा के 100 मामले दर्ज हो रहे हैं। 2016 में महिलाओं पर कथित रूप से 39 हजार हमले हुए। 2015 के मुकाबले ये आंकड़ा 12% ज्यादा है। सर्वे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट में कहा, ''जब हमारे प्रधानमंत्री गार्डन में घूमकर योग का वीडियो बना रहे थे, तब भारत महिलाओं के साथ हिंसा और अत्याचार के मामले में सीरिया, अफगानिस्तान और सऊदी अरब से आगे निकल गया। यह देश के लिए शर्म की बात है।''
महिलाओं की असुरक्षा के लिहाज से टॉप 10
किस पायदान पर | देश |
1 | भारत |
2 | अफगानिस्तान |
3 | सीरिया |
4 | सोमालिया |
5 | सऊदी अरब |
6 | पाकिस्तान |
7 | डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो |
8 | यमन |
8 | नाइजीरिया |
10 | अमेरिका |
Comment Now