Friday, 23rd May 2025

कांग्रेस की संकल्प यात्रा अब छत्‍तीसगढ़ की चारों दिशाओं से निकलेगी

Wed, Jun 13, 2018 3:33 PM

अनुज सक्सेना, रायपुर। कांग्रेस की संकल्प यात्रा झीरम घाटी से जगदलपुर पहुंचकर खत्म नहीं हुई है। अब यह यात्रा प्रदेश के चारों दिशाओं से निकाली जाएगी। भाजपा को हर मोर्चे पर जवाब दे रही कांग्रेस के लिए संकल्प यात्रा को आगे बढ़ाना जरूरी है, वह भी तगड़ी काट के साथ।

भाजपा की विकास यात्रा को सजाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह आए। इन दोनों की काट कांग्रेस के पास केवल राहुल गांधी हैं। इसलिए, संकल्प यात्रा के दौरान या समापन में राहुल गांधी यहां आ सकते हैं।

विकास यात्रा हो या सीडी कांड, हर मोर्चे पर भाजपा को कांग्रेस आक्रामक तरीके से जवाब दे रही है। अश्लील सीडी कांड में पहले जिस तरह से भाजपा सरकार ने कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाने की कोशिश की, अब उतने ही मजबूत तरीके से कांग्रेस पलटवार कर रही है।

न केवल बयानबाजी और सोशल मीडिया में तीखे संदेश डाले जा रहे हैं, बल्कि सीडी कांड में सरकार, भाजपा नेताओं और सीबीआइ को घेरने के लिए कांग्रेस के नेता कथित तौर पर खुदकुशी करने वाले व्यवसायी रिंकू खनूजा के घर तक पहुंच गए।

 

फोरेंसिक एक्सपर्ट के साथ सुसाइड स्पॉट का मुआयना भी किया। कांग्रेस नेता खुद मान रहे हैं कि सीडी कांड में तो उनकी पार्टी तगड़ी विपक्ष की भूमिका निभा रही है, लेकिन विकास यात्रा के काट में कांग्रेस कमजोर पड़ गई है। हालांकि, मुख्यमंत्री की विकास यात्रा के पीछे-पीछे कांग्रेस के नेता विकास खोजो यात्रा कर रहे हैं, लेकिन यह उतनी प्रभावी नहीं है।

इस कारण संकल्प यात्रा में कांग्रेस ताकत दिखाना चाहती है। 25 मई को झीरम घाटी कांड की पांचवीं बरसी पर कांग्रेस नेताओं ने संकल्प यात्रा निकाली थी। उसी जगह से जहां कांग्रेस नेताओं के काफिले पर 2013 में नक्सलियों ने हमला किया था। यह यात्रा जगदलपुर पहुंचकर खत्म कर दी गई थी।

 

अब संकल्प यात्रा प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी। एक रथ और टीम के साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाने पर समय लगेगा। विधानसभा चुनाव करीब है, इसलिए चार रथ और नेताओं की चार टीमें बनाई जाएंगी। चार दिशा से शुरू होने वाली यात्रा का संगम रायपुर में होगा। यहां संकल्प सम्मेलन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष आमंत्रित किया जाएगा।

सरकार पर बोलेंगे हमला

 

विकास खोजो यात्र में कांग्रेस के स्थानीय नेता नुक्कड़ सभाएं ले रहे हैं जबकि संकल्प यात्रा के दौरान कांग्रेस के बड़े नेताओं की सभा होगी जिसमें जनता की ताकत दिखाई जाएगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री ने अपनी योजनाओं की ब्रांडिंग की है, वहीं कांग्रेस जनता के बीच उन योजनाओं का पोल खोलने का काम करेगी। जनता को भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर बताया जाएगा। कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान परिवर्तन यात्रा निकाली थी। उसी यात्रा में झीरम घाट में हमला हुआ था जिसमें कांग्रेस के बड़े नेता मारे गए थे।

इनका कहना है

 

संकल्प यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है। संकल्प शिविर खत्म होने के बाद जल्द ही संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। चारों दिशाओं से निकलने वाले संकल्प यात्रा के दौरान हर विधानसभा क्षेत्र में सभाएं की जाएंगी। यात्रा का समापन रायपुर में होगा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को आमंत्रित किया जाएगा।

 

 

टीएस सिंहदेव नेता-प्रतिपक्ष

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery