न्यूज डेस्क। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में 7 से 11 जून के बीच भारी बारिश की आंशका जताई है। 8 जून को रतनगिरी और सिंधुदुर्ग में तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही यूपी में भी अलर्ट जारी किया गया है। मप्र में रीवा, सतना और सीधी में बुधवार रात बारिश के दौरान बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई। 9 लोग इसकी चपेट में आकर झुलस गए। सेंधवा के पानसेमल में बारिश के बाद दीवार गिरने से दादा और एक साल की पोती की मौत हो गई। ऐसे में आपको अलर्ट रहने की जरूरत है। हम बता रहे हैं उन सावधानियों के बारे में जिन्हें फॉलो करने से आप खतरे से बच सकते हैं।
अगले 48 से 72 घंटे यहां हो सकती है आफत
- मौसम विभाग ने यूपी में लखनउ, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी में धूलभरी आंधी के साथ तूफान की आशंका जताई है।
- दिल्ली-एनसीआर के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। आज, कल में राजधानी में हवाओं की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अधिक हो सकती है।
- अगले दो दिन मुंबई, कोंकण, गोवा और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भी आफत वाले हो सकते हैं। यहां भारी भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
- मौसम विभाग के अनुसार, मानसून गोवा पहुंच चुका है। 48 से 72 घंटे के भीतर इसके मुंबई पहुंचने की संभावना है।
#आंधी-तूफान से पहले की सावधानियां...
- इमरजेंसी किट पहले से तैयार करके रखें। इसमें सेफ्टी के सभी आइटम्स रखें।
- घर को सिक्योर करें। खतरनाक स्थिति हो तो घर खाली कर दें। किसी दूसरे घर में शिफ्ट हो जाएं।
- घर के बाहर की ऐसी चीजें जो खतरा पैदा कर सकती हों उन्हें हटा दें।
- पेड़ों की छंटाई कर दें। कोई डाल खतरनाक लग रही हो तो उसे काट दें।
- वेदर अपडेट के लिए न्यूजपेपर पढ़ें। टीवी, रेडियो से अपडेट लेते रहें।
#आंधी-तूफान के दौरान की सावधानियां...
> मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी और चेतावनियों के लिए रेडियो सुनें, टीवी देखें और अखबार पढ़ें।
> घर के अंदर ही रहने की कोशिश करें। खुले में जाने से बचें।
> बिजली के सभी सामानों के प्लग हटा दें।
> पेड़ों के नीचे या आसपास न जाएं।
> अगर गाड़ी, बस या किसी अन्य ढकी हुई गाड़ी के अंदर हैं तो उसी में रहें।
> साइकिल और मोटरसाइकल पर चलने से बचें।
> पूल, तालाब, छोटी नाव में हैं तो तुरंत बाहर आ जाएं।
> गाड़ी चलाते समय डिपर और पार्किंग लाइट का इस्तेमाल करें ताकि आगे-पीछे चल रहे वाहन आपकी गाड़ी को देख सकें।
> दिल्ली में यदि ट्रैफिक पुलिस की मदद चाहते हैं तो 1095, 25844444 पर कॉल कर सकते हैं। आप 8750871493 पर वॉट्सऐप भी कर सकते हैं।
#आंधी-तूफान के बाद की सावधानियां...
- आंधी-तूफान से डैमेज हुए एरिया से दूर रहें।
- अपडेट इंफॉर्मेशन के लिए रेडियो/टीवी पर न्यूज सुनते रहें।
- बच्चों, महिलाओं और शारीरिक रूप से कमजोर लोगों की मदद करें।
- खतरनाक घरों, पेड़ों से दूर रहें। इनकी जानकारी अपने शहर के नगर निगम को दें।
Comment Now