Friday, 18th July 2025

तय वक्त से 3 दिन पहले मानसून केरल पहुंचा, उत्तरी इलाकों में गर्मी से राहत की उम्मीद

Tue, May 29, 2018 6:08 PM

लगातार दूसरे साल मानसून समय से पहले पहुंचा, जून के अंत तक देश के 80% इलाके में बारिश की उम्मीद।

नई दिल्ली. भीषण गर्मी के बीच मानसून केरल पहुंच गया है। वह भी तय तारीख एक जून से तीन दिन पहले ही। मौसम विज्ञान से जुड़ी निजी संस्था स्काइमेट ने मानसून के केरल पहुंचने का दावा किया है। मौसम विभाग ने भी 24 घंटे में मानसून के केरल पर छाने की बात कही है। केरल सहित दक्षिण के तटवर्ती इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने इस बार देश में सामान्य मानसून का अनुमान जाहिर किया है।

जून में देश के 80% इलाके में छा सकता है मानसून

स्काइमेट के सीईओ जतिन सिंह ने बताया कि केरल में सभी मौसम केंद्रों पर दो दिन से बारिश दर्ज की गई है। हवाओं के आधार पर भी कहा जा सकता है कि मानसून आ गया है। अगले 24 घंटे में केरल के कुछ भागों, तमिलनाडु, बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, अंडमान सागर के बाकी भागों के साथ ही अंडमान निकोबार में तेज बारिश के आसार हैं। जून में देश के 80% इलाके में मानसून के छा जाने का अनुमान है।

अच्छी बारिश, यानी मजबूत इकोनॉमी

- मानसून के दौरान देश की 70% बारिश होती है। आधी से अधिक जमीन को इससे फायदा होता है। 80 करोड़ आबादी खेती के लिए मानसून पर निर्भर है।

- खरीफ फसल के दौरान आधे से ज्यादा खाद्य पदार्थों की पैदावार होती है। धान, जूट, गन्ना, दालें प्रमुख हैं। महंगाई दर में कमी आती है। ब्याज दरें भी घटती हैं। 2014 में उपभोक्ता मांग 6.2% बढ़ी थी। अच्छी बारिश के बाद 2017 में यह 7.9% तक बढ़ गई।

एडवांस मानसून का क्या मतलब?
देशभर में जून में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। 97 से 100% तक। जिन राज्यों में अभी सूखे जैसी स्थिति है, वहां भी अच्छी बारिश के आसार हैं। मध्य और उत्तरी राज्यों में 15-20 दिन में अच्छी प्री-मानसून बारिश हो सकती है।

क्या मानसून भटक या अटक सकता है?
5 से 6 जून को मानसून मुंबई में होगा। अरब सागर में चक्रवाती हवाओं का सिस्टम बना हुआ है। इससे नमी 14 हजार फीट तक पहुंच रही है, जो बादल बन दक्षिण की ओर बढ़ रही है। केरल-कर्नाटक में अच्छी बारिश होगी।

17 राज्यों में सूखा है, भरपाई हो जाएगी?
अप्रैल-मई के बीच 15 दिनों में 8 तूफान आए। इससे पश्चिमी विक्षोभ में नमी की कमी रही। सूखी हवाओं के कारण 17 राज्यों में कमजोर प्री-मानसून रहा। मौजूदा मॉडल से लगता है कि जून के शुरू के 15 दिनों में अच्छी बारिश होगी।

कब तक और कितनी बारिश होगी?
जून में सामान्य से ज्यादा, यानी 97 से 102% तक बारिश होने की उम्मीद। जुलाई में भी अच्छी बारिश रहेगी। अगस्त में सेंट्रल इंडिया में सामान्य बारिश के आसार। सितंबर में भी मानसून की बारिश के हालात सामान्य रहेंगे।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery