नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में पिछले 24 घंटोंं में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से 33 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा नुकसान झारखंड में हुआ है। यहां 12 लोगों की मौत हो गई और 28 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए। उत्तर प्रदेश में 9 और बिहार में 17 लोगों की जान गई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के हरदोई, सीतापुर और फर्रुखाबाद जिले में अगले तीन घंटों में बारिश, आंधी और कहीं-कहीं ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। दूसरी तरफ, देश के कई हिस्सों में लू का प्रकोप जारी है। देश के 6 राज्यों के 18 शहरों में सोमवार को पारा 44 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में चली तेज हवाएं
- उत्तर प्रदेश के एक सीनियर अफसर ने न्यूज एजेंसी को बताया कि राज्य के कई इलाकों में देर रात तूफान और तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग जख्मी हो गए।
- मुख्य सचिव सूचना अविनाश अवस्थी ने बताया कि उन्नाव जिले में पिछली रात बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और चार जख्मी हो गए।
- इसके अलावा कानपुर और राय बरेली में तूफान से दो-दो लोगों की मौत हो गई।
बिहार के पांच जिलों में ज्यादा नुकसान, बारिश से पटना में तापमान गिरा
- बिहार के पांच जिले औरंंगाबाद, कटिहार, नवादा, मुंगेर और रोहतास में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। इन जिलों में 17 लोगों की मौत हो गई। औरंगाबाद के दाउदनगर, पौथु, रफीगंज और बंदेया थाना क्षेत्रों में बिजली गिरने से 5 जन की जान चली गई। इनमें तीन महिला, एक युवती और एक लड़का शामिल है। इसके अलावा गया और कटिहार में तीन- तीन, मुंगेर और नवादा में दो-दो और रोहतास में एक की मौत हो गई है।
- मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले एक-दो दिन में मौसम में बदलाव के आसार हैं। लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। सोमवार रात को पटना में हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी का मंगलवार को न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं।
झारखंड में 12 लोगों की मौत
- झारखंड के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में तेज बारिश के साथ आंधी चली। कुछ इलाकों में तो रविवार से तेज हवाएं चल रही हैं। बारिश और आंधी-तूफान से जुड़ी घटनाओं में अब तक 12 लोग मारे गए और 28 से ज्यादा जख्मी हो गए।
- आकाशीय बिजली गिरने से रांची में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, पालामू और रामगढ़ जिलों में दो-दो की मौत हुई। चतरा, हजारीबाग, लोहरादाग और बोकारो जिले में एक-एक की मौत हुई है।
मध्यप्रदेश में राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं ने झुलसाया
- मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत राज्य के दूसरे हिस्सों में मंगलवार की सुबह से ही धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाएं चल रही हैं। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के बड़े हिस्से में लू का असर बने रहने की चेतावनी जारी की है। बीते 24 घंटों में खजुराहो देश में सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- अगले 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, सागर संभागों में लू अपना असर दिखा सकती है।
Comment Now