Sunday, 25th May 2025

सरकार के 4 साल पूरे होने पर ओडिशा में मोदी की रैली, कांग्रेस ने कहा- न अच्छे दिन, न सच्चे दिन, आगे बढ़ेंगे तेरे बिन

Sat, May 26, 2018 6:11 PM

- 2019 में लोकसभा के साथ ही होंगे ओडिशा के विधानसभा चुनाव

 

- मोदी के वाराणसी के साथ पुरी से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा

नई दिल्ली/कटक. केंद्र में एनडीए सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर नरेंद्र मोदी शनिवार को ओडिशा के कटक में एक रैली करेंगे। इसमें वे सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा रखेंगे। कांग्रेस के कपिल सिब्बल ने ट्वीट किया, "न अच्छे दिन, न सच्चे दिन। अब आगे बढ़ेंगे तेरे बिन।" बता दें कि मोदी ने ओडिशा को रैली के लिए इसलिए चुना क्योंकि ऐसी चर्चा है कि वे वाराणसी के साथ पुरी सीट से भी लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। 2019 में लोकसभा के साथ ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी होना है। इसे मोदी की तीनों राज्यों को साधने की कोशिश भी माना जा रहा है।

ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में से एक भाजपा के पास
- भाजपा ने कटक में जनसभा करने का फैसला भाजपा ने एक रणनीति के तहत लिया है। दरअसल, बीजेपी 2019 में ओडिशा की ज्‍यादा से ज्‍यादा लोकसभा सीटों पर जीत की उम्‍मीद कर रही है। उधर, मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा कहा जा रहा है कि मोदी 2019 का आम चुनाव फिर दो सीटों से लड़ सकते हैं। वाराणसी के अलावा यह दूसरी सीट पुरी होगी। 2014 में मोदी ने वाराणीस और वडोदरा से चुनाव लड़ा था।

- ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव साथ-साथ होने हैं। इसलिए पार्टी का मानना है कि अगर मोदी पुरी से चुनाव लड़ते हैं तो भाजपा को विधानसभा और लोकसभा में फायदा मिलेगा। ओडिशा में विधानसभा की 147 सीटें हैं। वहीं, लोकसभा की 21 सीटें हैं। इनमें से 20 सीटें बीजू जनता दल (बीजेडी) और एक सीट भाजपा के पास है।

- विधानसभा 2014 के चुनाव में बीजेडी को 117, कांग्रेस को 16 और भाजपा को 10 सीटें मिली थीं।

- अमित शाह ने भाजपा की राज्य इकाई को विधानसभा चुनाव में मिशन 120+ सीटों का टारगेट दिया है।

मोदी ने कहा- 2014 में हुई थी बदलाव की शुरुआत
- मोदी ने ट्वीट कर कहा- '2014 में आज के ही दिन हमने भारत के बदलाव के सफर की शुरुआत की थी। पिछले चार साल में विकास जन आंदोलन बन गया है। देश का हर नागरिक इसमें अपनी हिस्‍सेदारी महसूस कर रहा है। सवा सौ करोड़ भारतीय भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।"

- "देश का बढ़ता जाता विश्वास..साफ नीयत, सही विकास।"

कांग्रेस ने कहा- मोदी सरकार ने कुछ नहीं किया
- कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा- मोदी सरकार के पिछले चार साल का सार- मेरा भाषण ही मेरा प्रशासन है, मेरा शब्द आडंबर ही मेरी शासन प्रणाली है। सभी पैमानों पर मोदी सरकार ने खराब नतीजे दिए हैं।
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- मैं प्रधानमंत्री और पूरे केंद्रीय मंत्रिमंडल को चार साल की सफलता के लिए बधाई देता हूं। मुझे भरोसा है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति बनकर उभरेगा। कांग्रेस को 2019 में एक और हार के लिए तैयार रहना चाहिए।

अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, "राजनीति में भ्रष्टाचार का खेल, बैंकिंग सिस्टम हुआ फेल। पेट्रोल-डीज़ल के दाम उच्चतम, डॉलर के मुकाबले रुपया न्यूनतम। देश से घोटालेबाज फरार, विदेशों से दिखावे के करार। महंगाई पर जीएसटी की मार। दलित, गरीब, महिला पर वार। किसान, बेरोजगार, कारोबारी बेहाल, मुबारक हों ये चार साल!"

कांग्रेस का विश्वासघात दिवस बनाने का फैसला किया
- मोदी सरकार के चार साल पूरा होने के मौके पर कांग्रेस शनिवार को विश्वासघात दिवस' मना रही है। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि पार्टी जनता के सामने सरकार का पर्दाफाश करेगी। कांग्रेस ने सभी राज्यों में और जिला स्तरों पर धरने और प्रदर्शन करने का फैसला किया। 
- कांग्रेस का आरोप है कि सरकार भ्रष्टाचार, कालेधन, महंगाई, आतंकवाद और विदेश नीति को लेकर पूरी तरह विफल रही है। वहीं, महंगाई, महिला सुरक्षा, सीमा सुरक्षा और अन्य मुद्दों पर नीतियां कारगर साबित नहीं हुई हैं। 
- उधर, मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

मोदी का तीन साल में ओडिशा का 6वां दौरा
- 1 अप्रैल 2015 राउरकेला में सभा की थी। तब भारतीय इस्पात प्राधिकरण का प्लांट का उद्घाटन किया था। 
- 7 फरवरी 2016 पारादीप में सभा में शामिल हुए थे। इंडियन ऑयल रिफाइनरी का उद्घाटन के साथ पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन और रोड शो किया था। 
- 21 फरवरी 2016 को किसान महासम्मेलन में शामिल होने के लिए पश्चिमी ओडिशा के बरगढ़ पहुंचे थे। 
- 2 जून 2016 को बालासोर में सभा की थी।
- 15 अप्रैल 2017 को भाजपा की दो दिवसीय नेशनल एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक हुई थी। मोदी इसमें शामिल हुए थे।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery