नई दिल्ली. राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और मध्यप्रदेश में अगले 24 घंटों में गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। बुधवार को मध्य-उत्तरी भारत में गर्म हवाएं चलेंगी। मंगलवार को राजस्थान के बूंदी जिले में पारा 48 डिग्री दर्ज किया गया। यह देश और प्रदेश का इस सीजन में सबसे गर्म शहर तो रहा ही, दुनिया के सबसे गर्म शहर मिस्र के बहरिया की भी बराबरी कर ली। वैश्विक वेबसाइट एंडो कंट्री वैदर के मुताबिक, बहरिया में भी बूंदी के बराबर 48 डिग्री तापमान रहा। मौसम विभाग के डिप्टी डायरेक्टर जनरल डॉ. देवेंद्र प्रधान ने बताया कि सेंट्रल पाकिस्तान और राजस्थान में पिछले दो दिनों से हीट वेव चल रही है। राजस्थान से 30 से 35 किमी की रफ्तार से गर्म हवाएं दिल्ली पहुंच रही हैं।
आगे क्या: दो दिन लू का असर
- मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को विदर्भ, राजस्थान, दक्षिणी हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, दक्षिणी पंजाब, दक्षिणी मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के कुछ इलाकों में लू के थपेड़े झुलसा सकते हैं। पूर्वी उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, तमिलनाडु और केरल के दूरदराज के इलाकों में आंधी चल सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के दूरदराज के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म दिन
- दिल्ली में मंगलवार को 30 किमी की रफ्तार से हवाएं चलीं। यही वजह रही कि राजधानी में मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। सफदरजंग इलाके में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
- उधर, राजस्थान के 8 शहरों में भी पारा 45 डिग्री के पार रहा। पंजाब समेत मध्य और उत्तरी भारत में लू चलने के कारण गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। लोगों को बारिश का इंतजार है। मानसून के 29 मई को केरल पहुंचने की संभावना है।
इसलिए बढ़ी गर्मी
- पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान में जारी है, जिसका असर राजस्थान और आसपास के इलाकों पर नहीं हो रहा। हालांकि, दक्षिणी राजस्थान से पूर्वी राजस्थान तक चक्रवाती हवाओं का जोर है, लेकिन नमी नहीं मिल पाने से हवाओं में गर्माहट बढ़ रही है। ऐसे में पिछले 8-10 दिन से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
देश की प्रमुख शहरों और राजधानियों में कैसा रहा मौसम
1) मध्यप्रदेश: 14 शहरों में पारा 44-45 पार
- राजधानी भोपाल में सोमवार की रात प्रदेश भर में सबसे ज्यादा गर्म रही। रात का तापमान 32.7 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा रहा। भोपाल में मई में 16 साल बाद यह सबसे गर्म रात रही। इससे पहले 2002 में 17 अप्रैल को रात का तापमान 32.9 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को प्रदेश के 14 शहरों में दिन का तापमान 44-45 डिग्री पार पहुंच गया। प्रदेश में राजगढ़, शाजापुर, नौगांव और उमरिया में दिन सबसे गर्म रहा।
2) दिल्ली: 44 डिग्री पारा; 28 तक चलेंगी गर्म हवाएं
- दिल्ली में मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा सफदरजंग में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पालम में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिल्ली में 28 मई तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक ही रहने की आशंका है।
3) राजस्थान: प्रदेश के 8 शहर 45° के पार, जयपुर में भी सीजन का सबसे गर्म दिन
- जयपुर में भी अधिकतम तापमान इस सीजन के रिकॉर्ड स्तर पर जा पहुंचा। यहां पिछले 12 दिन से 40 डिग्री के ऊपर चल रहा दिन का पारा मंगलवार को 44.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हाड़ौती के झालावाड़ और बारां में अधिकतम तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। प्रतापगढ़ के धारियावद में दिन का पारा 46 डिग्री रहा। बूंदी में पांच दिन से तापमान 45 डिग्री से ऊपर बना रहा।
4) पंजाब: गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड; बुधवार-गुरुवार को तेज हीट वेव की चेतावनी, पारा 45 पार होगा
- मंगलवार को पटियाला सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां पारा 44.26 डिग्री दर्ज किया गया। लू के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग ने बुधवार और वीरवार को बठिंडा, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, लुधियाना, मानसा, पटियाला और संगरूर में हीट वेव की चेतावनी दी है। पारा 45 तक पहुंच सकता है।
5) हरियाणा: हिसार में पारा 45.50 डिग्री, देश के आठ गर्म शहरों में शामिल
- मंगलवार को हिसार सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 45.5 डिग्री रहा। यह देश के 8 सबसे गर्म शहरों में भी शामिल रहा। भिवानी में पारा 44.8 डिग्री दर्ज किया गया।
6) बिहार: न्यूनतम पारा सामान्य से तीन डिग्री ऊपर, उमस से परेशानी
- पटना में दिनभर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। आर्द्रता 72 फीसदी से अधिक होने के वजह से परेशानी और बढ़ गई। बिहार के पूर्वी इलाके में बने ट्रफ के कारण अगले 24 घंटे तक आंधी-बारिश की संभावना बन गई है।
7) छत्तीसगढ़: दिन का तापमान 42 डिग्री के करीब पहुंचा
- राजधानी रायपुर में मंगलवार को दोपहर में तेज गर्मी रही। दिन का तापमान 42 डिग्री के करीब पहुंच गया। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को तापमान करीब दो डिग्री ज्यादा था।
Comment Now