Thursday, 22nd May 2025

LIVE: कर्नाटक में सुबह 11 बजे तक 24% मतदान; राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और श्री श्री ने भी डाला वोट

Sat, May 12, 2018 6:09 PM

  • चामुंडेश्वरी, बादामी, शिकारीपुरा, रामनगर, चन्नापाटना सीट सबसे ज्यादा चर्चा में। यहां से भाजपा-कांग्रेस और जेडीएस के सीएम उम्मीदवार मैदान में हैं।
  • कर्नाटक में लिंगायत की आबादी 17% है। इनका 120 सीटों पर असर है। वोक्कालिगा 15% हैं और इनका 80 सीटों पर असर है

 

बेंगलुरु. कर्नाटक विधानसभा चुनाव की 224 में से 222 सीटों के लिए आज वोटिंग हो रही है। सुबह 11 बजे तक 24% वोट डाले गए। दो सीटों पर चुनाव टाल दिए गए हैं। वोटिंग शुरू होते ही भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा ने शिमोगा के शिकारीपुरा में तो केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने पुत्तूर में वोट डाला। येदियुरप्पा ने भाजपा को 140 से 145 सीटें मिलने का दावा किया। सुबह-सुबह वोट डालने वालों में चुनाव आयोग के ब्रांड एम्बेसडर राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले भी शामिल थे। जेडीएस के मुखिया और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने हासन जिले के होलेनरसrपुरा में वोट डाला। इससे पहले वे जिले के प्रचीन श्री रंगनाथस्वामी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। राज्य में चुनाव के नतीजे 15 मई को आएंगे।

लाइव अपडेट्स:

11:50 AM-वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कलबुर्गी के बास्वानगर के बूथ नंबर 108 पर वोट डाला।

10:40 AM- सिद्धगंगा मठ के 111 साल के श्री शिवकुमार स्वामी ने तुमकुर में अपने अनुयायियों के साथ वोट डाला।

11:20 AM-एचडी कुमारस्वामी ने पत्नी अनिता के साथ रामनगर में वोट डाला। कहा, "हमें अकेले दम पर जादुई संख्या हासिल कर लेने का भरोसा है।"

10:55 AM-श्री श्री रविशंकर ने भी कनकपुरा के पोलिंग बूथ में वोट डाला।

9:40 AM-मैसूर के शाही परिवार के कृष्णदत्त चामराजा वाडियार ने मैसूर में अपना वोट दिया

9:09 AM-पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने हासन जिले के होलेनरसीपुरा के बूथ नंबर 224 पर वोट डाला।

8:53 AM- एचडी कुमारस्वामी जयानगर में श्री आदिचुंचनागिरी महासंस्थान मठ के प्रमुख निर्मलानंद नाथ माहेश्वरी से मिले।

8:33 AM-भाजपा सांसद राजीव चंद्रशेखर ने बेंगलुरु में कोरमंगला के कर्नाटक रेड्डी जनसंघ में वोट डाला।

8:15 AM-वोट देने से पहले बादामी से भाजपा उम्मीदवार बी श्रीरामुलु ने गाय की पूजा की।

7:35 AM- हुबली के बूथ नंबर 108 पर वीवीपीएटी मशीन खराबी के चलते बदली गई।

7:15 AM- सुबह शरुआती वोट डालने वालों में चुनाव आयोग के ब्रांड एम्बेसडर राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले भी शामिल थे।
7:10 AM-केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता सदानंद गौड़ा ने पुत्तूर में वोट डाला। उन्होंने कहा कि इस बार वोट प्रतिशत बढ़ेगा। लोग सिद्धारमैया सरकार को राज्य से हटाना चाहते हैं। मुझे उम्मीद है लोग भारी तादाद में वोट करने के लिए घर से निकलेंगे।

7:02 AM-भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा ने शिमोगा के शिकारीपुरा में अपने मत का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, "लोग सिद्धारमैया सरकार से तंग आ चुके हैं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट करें। मैं भरोसा दिलाता हूं कि हम अच्छी सरकार देंगे।"

7:00 AM- राज्य की 222 सीटों पर मतदान शुरू।

72 लाख नए वोटर करेंगे मताधिकार का इस्तेमाल
- राज्य में करीब 4.9 करोड़ मतदाता हैं। इस बार 72 लाख नए वोटर जोड़े गए हैं। इनमें से 3% यानी 15.42 लाख की उम्र 18 से 29 साल के बीच है।

2655 में से 15% उम्मीदवार दागी
- इस बार 2655 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 391(15%) दागी और 883 (35%) उम्मीदवार करोड़पति हैं। 
- सबसे ज्यादा संपत्ति कांग्रेस के प्रियकृष्ण (1020 करोड़ रुपए) और सबसे कम संपत्ति निर्दलीय दिलीप कुमार (1 हजार रुपए) ने बताई है।

सिद्धारमैया और कुमारस्वामी 2-2 सीटों से लड़ रहे चुनाव
- कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सिद्धारमैया और जेडीएस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार एचडी कुमारस्वामी दो-दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। उधर, भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा शिकारीपुरा से चुनाव लड़ रहे हैं। इन्हीं 5 सीटों को लेकर चर्चा सबसे ज्यादा है।

दो सीट पर चुनाव नहीं

-आरआर नगर और जयनगर सीट पर चुनाव टल गए हैं। जयनगर सीट पर भाजपा उम्मीदवार और विधायक वीएन विजयकुमार के निधन की वजह से चुनाव स्थगित किया गया।

- वहीं, बेंगलुरु के राजराजेश्वरी (आरआर नगर) में 9 मई को एक फ्लैट से करीब 10 हजार फर्जी वोटर आईडी मिलने के बाद वोटिंग टाली गई है। अब यहां 28 मई को मतदान होगा और इसके नतीजे 31 तारीख को आएंगे।

कांग्रेस को 2013 और भाजपा को 2014 का प्रदर्शन दोहराने पर मिलेगी सत्ता

पार्टी 2013 में सीटें 2014 में लोकसभा सीटें 2014 में विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त
भाजपा 40 17 134
कांग्रेस 122 9 75
जेडीएस 40 2 12
अन्य 22 0 3

कर्नाटक में 1978 में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई

साल वोटिंग नतीजा
1978 विधानसभा चुनाव 71.90% कांग्रेस को 149 और जनता पार्टी को पहली बार 59 सीटें मिलीं
2013 विधानसभा चुनाव 71.45% कांग्रेस को 224 में से 122 सीटें मिलीं
2014 लोकसभा चुनाव 67.20% भाजपा को 28 में से 17 सीटें मिलीं

इस चुनाव में 5 चेहरे, 3 जातियां, 3 मुद्देऔर 2 चर्चित सीट

1) पांच चेहरे

मोदी:कर्नाटक में 21 रैलियां कीं। तीन बार नमो ऐप के जरिए अपने कार्यकर्ताओं से बात की। करीब 29 हजार किमी की दूरी तय की। इस दौरान मोदी एक भी धार्मिक स्थल पर नहीं गए

राहुल:20 रैलियां और 40 रोड शो-नुक्कड़ सभाएं कीं। मोदी से दो गुना से ज्यादा दूरी तय की। 55 हजार किमी की यात्रा की।

येदियुरप्पा:भाजपा के मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार हैं। करीब 15 महीने में दो बार पूरे कर्नाटक का दौरा कर चुके हैं। लिंगायतों में मजबूत पकड़। राहुल गांधी ने अपनी सभी सभाओं में इन पर लगे करप्शन के आरोपों का जिक्र किया। इनके बहाने मोदी पर भी हमला किया। येदियुरप्पा ने दावा किया है कि वे 17 मई को शपथ लेंगे।

सिद्धारमैया:कर्नाटक के मुख्यमंत्री हैं। सरकार बचाने की चुनौती है। भाजपा उन पर करप्शन और हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाती रही है। चुनाव प्रचार के दौरान मोदी के हर हमलों का जवाब देने की कोशिश करते रहे। उनका दावा है कि कर्नाटक इतिहास दोहराएगा और मेरी मौजूदा सरकार फिर से चुनी जाएगी।

कुमारस्वामी:कुमारस्वामी दावा कर रहे हैं कि वे राज्य में किंगमेकर नहीं, बल्कि किंग बनेंगे। उन्होंने इस बार भाजपा स्टाइल में कैम्पेनिंग की है।

2) तीन जातिगत समीकरण: लिंगायत, वोक्कालिगा, दलित

- लिंगायत:राज्य के 17% लिंगायत का असर 105 से ज्यादा सीटों पर है। राज्य में अब तक 20 सीएम हुए हैं, इनमें से 8 लिंगायत समुदाय से रहे। ये तटीय इलाकों को छोड़कर राज्यभर में फैले हैं।

वोक्कालिगा:वोकालिंगा 15% हैं। इनकी दक्षिणी कर्नाटक में पकड़ है। यहां की 60 सीटों में से ज्यादातर पर इनका असर है। जेडीएस के एचडी देवगौड़ा और एचडी कुमारस्वामी इसी समुदाय से है।

दलित:कर्नाटक में एससी-एसटी समुदाय की 51 सीटें हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा 26 पर आगे थी। एससी/एसटी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले और देश भर में दलित आंदोलनों से भाजपा की मुश्किलें बढ़ी हैं।


3) तीन मुद्दे: लिंगायत, दलित, भ्रष्टाचार

- भ्रष्टाचार:भाजपा ने 3 रेड्डी बंधुओं के परिवार और उनके करीबी लोगों में से 8 को टिकट दिया है। 20 राज्यों में हुए सर्वे में रिश्वत लेने में कर्नाटक को सबसे आगे बताया गया था।

- लिंगायत: राज्य में 18 से 20% लिंगायत वोटर हैं। वे 100 सीटों पर असर डालते हैं। सिद्धारमैया ने चुनाव से पहले लिंगायत को अल्पसंख्यक धर्म का दर्जा देने का बिल पास कर प्रस्ताव केंद्र को भेजा है।

- दलित:राज्य में करीब 19% दलित वोटर हैं। ये सीधे तौर पर 51 सीटों पर असर डालते हैं। इनके अलावा 40 और सीटों पर भी दलित और आदिवासी समुदाय के वोटर असर डालते हैं। कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े ने बयान दिया था कि संविधान को समय-समय पर बदलना चाहिए। इससे दलितों में नाराजगी है।

4) दो सबसे चर्चित सीट: बादामी और शिकारीपुरा

- बादामी: सीएम सिद्दारमैया दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। ये सीटें चामुंडेश्वरी और बादामी हैं। चामुंडेश्वरी सीट से सिद्दारमैया पहले भी दो बार चुनाव जीत चुके हैं। बादामी बागलकोट जिले में है। भाजपा ने सिद्दारमैया को हराने की लिए पूरी ताकत झोंक दी। पार्टी ने सांसद और दलित नेता श्रीरामुलु को अपना उम्मीदवार बनाया है।

- शिकारीपुरा: भाजपा के सीएम उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा शिकारीपुरा से चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर उन्होंने रिकॉर्ड 7 बार जीत हासिल की है। शिकारीपुरा ऐतिहासिक जगह है। यहां के प्रसिद्ध अंजनेय मंदिर में देश भर से भक्त आते हैं। कांग्रेस ने येदियुरप्पा के खिलाफ लो-प्रोफाइल नेता गोनी मालतेश को उतारा है। येदियुरप्पा सिर्फ 1999 में एक चुनाव शिकारीपुरा से हारे हैं। 2014 के उपचुनाव में उनके बेटे यतींद्र जीते थे।

कम वोट मार्जिन वाली सीटों पर भी रहेगी नजर

- 2013 में 43 सीटें ऐसी थीं, जहां हार-जीत में वोटों का अंतर 5000 या उससे कम था। इनमें से 20 सीटें कांग्रेस ने जीती थीं।

वोट मार्जिन जीतने वाले उम्मीदवार
0-1,000 9
1,000-2,000 8
2,000-3,000 7
3,000-4,000 9
4,000-5,100 10

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery