बेंगलुरू. बेंगलुरू के रेसकोर्स रोड का 13 नंबर बंगला। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का पिछले कुछ महीनों से यही ठिकाना है। बाहर 25-30 गाड़ियां, 3-4 चैनलों की ओबी वैन, दर्जन भर मीडिया वाले और लगभग इतने ही सुरक्षाकर्मी। दिनभर के धुंआधार प्रचार के बाद रात को दैनिक भास्कर की यहीं पर अमित शाह से खास बातचीत हुई। जिसमें उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि कर्नाटक को येद्दियुरप्पा ही 5 साल चलाएंगे। उनकी उम्र 75 साल होने के बाद भी वे ही राज्य के मुख्यमंत्री रहेंगे।
सवाल: भाजपा कितनी सीटें जीत रही है?
अमित शाह: कर्नाटक में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। सीट कितनी जीतेंगे? यह मैं अगले एक-दो दिन में बता सकूंगा, लेकिन इतना तय है कि हम अपने दम पर सरकार बनाने जा रहे हैं। हमें किसी की मदद नहीं लेनी पड़ेगी।
सवाल: चुनाव किन मुद्दों पर है?
अमित शाह:5 साल का सिद्दारमैया सरकार का किसान विरोधी रवैया और खराब कानून व्यवस्था से जनता को दर्द है। बेंगलुरू को सिद्दारमैया सरकार ने हैरिज, जॉर्ज और रोशन बेग के हवाले कर दिया है। उन पर कार्रवाई इसलिए नहीं हो रही, क्योंकि यह वोट बैंक का मामला है। कर्नाटक की जनता सबसे भ्रष्ट सरकार को सहन कर रही है। इन्हीं सब मुद्दों पर चुनाव चल रहा है।
सवाल: इस चुनाव में भाजपा के पक्ष में क्या है?
अमित शाह: भाजपा के पक्ष में एक बड़ा मुद्दा यह भी है कि मोदी सरकार ने कर्नाटक को करीब 3 लाख करोड़ रुपए की योजनाएं और राशि दी है। इसमें बेंगलुरू में मेट्रो, 27 हजार करोड़ की सड़कें, 49 हजार करोड़ रुपए मुद्रा बैंक योजना के लिए और 9 लाख महिलाओं को उज्ज्वला योजना से गैस मिली है। ऐसे बहुत से काम मोदी सरकार ने किए हैं। मैं बीजेपी के पक्ष में बड़ी लहर देख रहा हूं।
सवाल: क्या पिछली भाजपा सरकार की तरह बार-बार सीएम तो नहीं बदले जाएंगे?
अमित शाह: ऐसा नहीं होगा, क्योंकि केंद्र में इस बार तोड़ने वाली सरकार नहीं है, बल्कि राज्य सरकार की मदद करने वाली सरकार है। पहले ऊपर कांग्रेस की सरकार थी, जिसने साजिश करके येद्दियुरप्पा सरकार को तोड़ा था।
सवाल: 75 साल की उम्र होते ही येद्दियुरप्पाको हटा दिया जाएगा?
अमित शाह: किसी भी सूरत में ऐसा नहीं होगा। उन्हें पूरे 5 साल काम करने का मौका मिलेगा।
सवाल: राहुल गांधी के येद्दियुरप्पा को देश का सबसे भ्रष्ट नेता कहते हैं?
अमित शाह:येद्दियुरपा जी पर जितने भी आरोप लगे थे, वे सभी कोर्ट ने खारिज कर दिए हैं। ट्रायल का स्टेज ही नहीं आया। एफआईआर को खारिज कर दिया गया। और तो और उसमें लिखा गया कि केस बनाए गए हैं। इससे साफ है कि उनपर लगे आरोप गलत थे।
- आगे उन्होंने कहा कि कर्नाटक राज्य को जीतकर बीजेपी 21वें राज्य में सरकार तो बनाएगी ही, दक्षिण में भी जबरदस्त प्रदर्शन की तैयारी कर लेगी।
Comment Now