बेंगलुरु.नरेंद्र मोदी मंगलवार को कनार्टक में तीन चुनावी रैलियां करेंगे। ये चुनावी संभाएं विजयवाड़ा, कोप्पल और बेंगलुरु में होंगी। उधर. सोनिया गांधी भी आज करीब 21 महीने के बाद कोई चुनावी रैली करने जा रही हैं। यह रैली विजयपुरा में है। इससे पहले उन्होंने 2016 में वाराणसी में जनसभा और रोड किया था। इस उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें हेलिकॉप्टर से दिल्ली ले जाया गया था। इसके बाद से सोनिया ने खुद को चुनावी अभियानों से दूर रखा था।
मोदी कर चुके हैं अब तक 14 रैलियां
- मोदी 7 दिन में अब तक 14 रैलियां कर चुके हैं। उन्होंने अपना चुनावी कैम्पेन 1 मई को चमराजनगर से शुरू किया था। यहां उन्होंने राहुल पर हमला बोला था और उनके 15 मिनट के चुनौती वाले बयान का जवाब दिया था।
मोदी ने कहा- "मोदी जी को छोड़ो। मैं आपसे कहता हूं कि आप कर्नाटक के चुनाव प्रचार में 15 मिनट बगैर कागज हाथ में लिए हिंदी, अंग्रेजी या अपनी मां की मातृभाषा में बोल के दिखा दीजिए।"
- "एक बात और इस 15 मिनट के भाषण में 5 बार श्रीमान विश्वेश्वरैया का नाम ले लेना। कर्नाटक की जनता तय कर लेगी, उन्हें क्या करना है।''
- बता दें कि पिछले दिनों राहुल गांधी एक रैली में कर्नाटक की महान हस्ती मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया का नाम ठीक से नहीं ले पाए थे। बाद में यह वीडियो काफी वायरल हुआ था।
- इसके बाद कलबुर्गी और बेल्लारी रैली में मोदी ने कांग्रेस को दलित विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस दलितों की विरोधी है, आदिवासियों की विरोधी है, सिर्फ उनका उपयोग करती है।
- 5 मई को पीएम मोदी ने कर्नाटक के टुमकुर, शिवमोगा (शिमोगा) और गड़ाग में सभाएं की। यहां उन्होंने कहा कि 15 मई को नतीजों आने के बाद कांग्रेस पीपीपी में बदल जाएगी, जिसका मतलब है 'पंजाब, पुडुचेर और परिवार'।
- रायचूर रैली में उन्होंने कहा था कि कर्नाटक में अब कांग्रेस को फेयरवेल देने का समय आ गया है।
कर्नाटक का अब तक 9 बार दौरा कर चुके हैं राहुल
- कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर 10 फरवरी से चार दिवसीय दौरे के साथ अपने प्रचार अभियान की शुरूआत की थी। उन्होंने कर्नाटक के बल्लारी जिले के होसपेटे में पहली रैली की थी। जिसके बाद से अब तक राहुल कर्नाटक का 9 बार दौरा कर चुके हैं।
- राहुल गांधी ने चुनावी अभियान के आठवें चरण में 3-4 मई को बीदर, कलबर्गी (गुलबर्गा), गडग, हावेरी में सभाएं की थी। उन्होंने इस दौरान मोदी पर हमला बोला था। राहुल ने कहा था कि चोरों को विधानसभा में नहीं घुसने देंगे। रेड्डी ब्रदर्स, पेट्रोल और नीरव मोदी के मसले पर भी उन्होंने भाषण दिया था।
-7 मई को राहुल ने कर्कोनाटक के कोलार में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बैलगाड़ी और साइकिल पर रोड शो निकाला था।
यूपी चुनाव से पहले सोनिया की रोड शो में बिगड़ी थी तबीयत
-उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अगस्त, 2016 में सोनिया गांधी मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोडशो के लिए गईं थीं। रैली के दौरान सोनिया की तबीयत खराब हुई थी। तब उन्हें डी-हाइड्रेशन की शिकायत बताई गई। इसके बाद वह इलाज के लिए अमेरिका भी गई थीं। पानी की कमी के चलते उन्हें वाराणसी एयरपोर्ट पर ही ड्रिप भी चढ़ाया गया था। सोनिया को दिल्ली ले जाने के लिए एक एयर एंबुलेंस को भी तैयार रहने को कहा गया था, लेकिन जब उन्होंने कहा कि वो बेहतर महसूस कर रही हैं, तब उन्हें चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली भेजा गया था।
कांग्रेस के लिए क्यों अहम है कर्नाटक?
- सिर्फ 4 राज्यों में कांग्रेस की सरकार:कर्नाटक, पंजाब, मिजोरम और पुड्डुचेरी (केंद्र शासित)। इनमें कर्नाटक आबादी और क्षेत्रफल दोनों मामलों में सबसे बड़ा है। ऐसे में कांग्रेस के लिए यहां अपनी सरकार बचाना काफी अहम है।
कर्नाटक के बाद 3 राज्यों में चुनाव
- कर्नाटक के बाद मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में चुनाव होने हैं। ऐसे में अगर राहुल गांधी कर्नाटक में अपनी सरकार बचा लेते हैं तो इसका फायदा उन्हें अन्य राज्यों में भी मिलेगा। 2019 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भी कर्नाटक के चुनाव काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
Comment Now