इंदौर.ज्येष्ठ माह की तपन से लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया है। लोगों के दिन की शुरुआत चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के थपेड़ों के साथ हो रही है। रविवार की तरह ही सोमवार को भी सुबह से ही गर्म हवा चलने लगी है। 10 बजे ही पारा 36 के पार पहुंच गया है। रविवार को पार चढ़कर 41.8 डिग्री पर पहुंच गया था। वहीं भोपाल का भी पारा 37 पार पहुंच गया है, रविवार को 42 डिग्री के पार पारा पहुंच गया था। माैसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी पारा 42 के करीब रहने का अनुमान है।
इंदौर में पारा 42 डिग्री पारा रहने का अनुमान
- रविवार को गर्म हवा 38 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बही, जो इस मौसम में सर्वाधिक है। दिनभर औसत 24 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चलती रही। पारा भी 5 दिन तक 40 और 41 डिग्री के बीच रहने के बाद रविवार को 41.8 डिग्री पर पहुंच गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 24.6 डिग्री दर्ज किया गया।
- वहीं शनिवार को पारा 40.6 और 23 डिग्री था। पिछले दिनों हवा की गति 24 से 28 किमी प्रति घंटा थी, जबकि रविवार को इसमें भी 10 किमी प्रति घंटे का इजाफा हुआ। सोमवार को भी पारा 41 से 42 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
भोपाल का तापमान भी 42 के करीब रहने का अनुमान
- भोपाल में रविवार को दिन में पारा मामूली नीचे लुढ़का, लेकिन रात खूब तपी। इस वजह से रात ढाई बजे से तड़के 5:30 तक पारा 31 डिग्री पर बना रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया।
- रात 8.30 बजे भी पारा 35 डिग्री पार था। अगले तीन घंटे में इसमें सिर्फ 1.6 डिग्री की कमी आ सकी। रात में भी गर्म हवा चली। इस वजह से तीन घंटे तक तापमान एक जैसा बना रहा। इसमें कोई अंतर नहीं आया। एक दिन पहले रात का तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया था।
- रविवार को दिन का तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक तीन घंटे में पारे में सिर्फ एक डिग्री का ही अंतर आ सका। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सोमवार को भी मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
गर्मी बढ़ने का यह है कारण
- वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि पश्चिम से आ रही गर्म हवा से तपिश बढ़ी है। इसी वजह से तापमान में भी इजाफा दर्ज किया गया है।
13 जून तक मानसून प्रदेश में दे सकता है दस्तक
- भीषण गर्मी के बीच यह राहतभरी खबर है कि मानसून तय समय 1 जून से एक हफ्ते पहले यानी 25 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। मौसम केंद्र के न्यूमेरिकल वेदर प्रिडिक्शन के ऑपरेशनल एक्सटेंडेड रेंज फोरकास्ट में यह अनुमान जाहिर किया गया है।
- मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि भोपाल में मानसून 13 जून या उसके आसपास आ सकता है। उन्होंने बताया कि चार हफ्ते के लिए जारी इस फोरकास्ट में कहा गया है कि दूसरे हफ्ते में बंगाल की खाड़ी में दक्षिण-पश्चिमी मानसून सक्रिय रह सकता है। 15 मई के पास अंडमान निकोबार आ सकता है। तीसरे और चौथे हफ्ते में अरब सागर में मानसून में होने वाले सर्कुलेशन देखे जाने के आसार हैं।
- अनुमान में यह भी कहा गया है कि दक्षिण पूर्वी अरब सागर और उससे सटे केरल के क्षेत्र में यह एक्टिव रह सकता है। फोरकास्ट के अंत में यह निष्कर्ष है कि अंडमान रीजन और सदर्न टीप आफ इंडिया यानी केरल क्षेत्र में मानसून जल्दी आने का अनुमान है। शुक्ला ने बताया कि अरब सागर में सिस्टम बन रहा है। संकेत मिल रहे हैं कि हवा का रुख दक्षिण पश्चिमी होता जा रहा है।
2013 में 11 जून को भोपाल पहुंचा था मानसून
- 2017 में 26 जून
- 2016 को 21 जून
- 2015 को 22 जून
- 2014 को 7 जुलाई
- 2013 को 11 जून
- 2012 को 30 जून
14 जून को रहेगा सबसे बड़ा दिन
मौसम एक्सपर्ट एसके नायक ने बताया कि 14 जून को दिन सबसे बड़ा 13 घंटे 46 मिनट का रहेगा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि पश्चिम से आ रही गर्म हवा और सोलर रेडिएशन होने से दिन की अवधि और तपिश सबसे ज्यादा रही।
गर्मी में रखें अपना ख्याल
- गर्मी में सबसे ज्यादा समस्या डी-हाइड्रेशन की होती है, इसलिए खुद पर ज्यादार ध्यान देना चाहिए। इस मौसम में बहुत जल्द बच्चे व बुजूर्ग की तबीयत खराब होती है। ऐसे में जितना संभव हो कोशिश करें की धूप में कम निकलें।
- यदि बाहर निकलना पड़े तो चेहरे के साथ ही सिर को ढंककर निकलें। पसीना आने पर सिर पर पानी ना डालें।
- ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। हल्का भोजन करें और तरल पदार्थ का का ज्यादा सेवन करें। मठा और दही का उपयोग करें।
Comment Now