मोदी ने कहा कि कांग्रेस एक झूठ बोलने वाली पार्टी है
'कर्नाटक के लोगों को कांग्रेस-जेडीएस के अनकहे गठबंधन को समझना चाहिए'
बेंगलुरु.नरेंद्र मोदी शनिवार को कर्नाटक के टुमकुर में कहा कि कांग्रेस कई सालों तक गरीब-गरीब चिल्लाती रही। लेकिन जब देश ने एक गरीब परिवार के व्यक्ति को प्रधानमंत्री चुन लिया तो उसने ये कहना बंद कर लिया। मोदी आज गड़ाग, शिमोगा और मैंगलुरु में भी सभाएं करेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए 12 मई को मतदान होगा, 15 को नतीजे आएंगे।
वो तो आलू से सोना पैदा करने के बारे में सोचते हैं
- मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा, "अब कांग्रेस वालों ने ऊपर से नीचे तक, लोकल हो, देशी हो या विदेशी हो, इधर से हो या उधर से हो, समझ हो या न हो, चना का पेड़ होता है या पौधा होता है, लाल मिर्च होती है या हरी, इसका भी जिनको ज्ञान नहीं है। जो आलू से सोना पैदा करने के बारे में सोचते हैं। वो अब दिन-रात किसान-किसान बोल रहे हैं।"
- "इंदिरा गांधी के समय से लेकर कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए गरीबों को मूर्ख बना रही है। कांग्रेस एक झूठ बोलने वाली पार्टी है। वे एक बार फिर चुनाव जीतने के लिए झूठ का सहारा ले रहे हैं। न तो उन्हें किसानों की चिंता है और न ही गरीबों की। लोग अब कांग्रेस से थक चुके हैं।"
- "कर्नाटक के लोगों को कांग्रेस और जेडीएस के अनकहे गठबंधन को समझना चाहिए। वे लड़ते दिख तो रहे हैं लेकिन बेंगलुरु में जेडीएस, कांग्रेस के एक मेयर को समर्थन कर रही है।"
टुमकुरु महान लोगों की भूमि
- मोदी ने कहा, "टुमकुरु महान लोगों की धरती है। प्रधानमंत्री बनने के बाद मैं यहां आया था और सिद्धगंगा मठ के स्वामी शिवकुमार का आशीर्वाद लिया था।"
- "टुमकुरु के लोगों को हेमावती नदी का पानी क्यों नहीं मिल पा रहा? सिंचाई के क्षेत्र में बीते 30 साल से कोई काम नहीं हुआ। कांग्रेस की रुचि तो केवल कालाधन भरने में है।"
मोदी के कांग्रेस पर लगातार हमले
- 3 मई को कलबुर्गी में मोदी ने कहा, "कांग्रेस पार्टी देश पर जान देने वालों सेनानायकों को गुंडा कहती है। कोई अनपढ़ आदमी भी ऐसा बोलने का पाप नहीं कर सकता। कर्नाटक में कांग्रेस का आखिरी किला भी ढह जाएगा, वे खंडित जनादेश की अफवाह फैला रहे हैं। जब हम सरदार वल्लभ भाई पटेल का नाम लेते हैं, तो कांग्रेस की नींद उड़ जाती है। देशभक्तों का अपमान करना उनकी आदत है।"
15 मिनट बोलने देने का मामला
- राहुल गांधी ने अप्रैल में अमेठी दौरे और संविधान बचाओ रैली में कहा था- "हमें संसद में बोलने नहीं दिया जाता है, अगर मैं 15 मिनट संसद में भाषण दूं तो प्रधानमंत्री हमारे सामने खड़े नहीं हो पाएंगे। राहुल ने अमेठी दौरे और संविधान बचाओ रैली के दौरान चुनौती दी थी।"
- मोदी ने 1 मई को चामराजनगर में रैली में इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा- "लोकतंत्र में हम नेता और नागरिकों की बातों को गंभीरता से लिया जाता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने हाल ही में मुझे एक चुनौती। उन्होंने कहा कि अगर मैं संसद में 15 मिनट भी बोलूंगा तो मोदी जी बैठ नहीं पाएंगे। वे 15 मिनट बोलेंगे, ये भी एक बड़ी बात है और मैं बैठ नहीं पाऊंगा। कांग्रेस अध्यक्ष जी आप नामदार हैं और हम कामदार हैं। हम तो अच्छे कपड़े भी नहीं पहन सकते, आपके सामने कैसे बैठेंगे। हम लोगों ने नामदारों के जुल्म झेले हैं और आज इस ताकत को बढ़ाते चले जा रहे हैं।"
- ''मोदी जी को छोड़ो। मैं आपसे कहता हूं कि आप कर्नाटक के चुनाव प्रचार में 15 मिनट बगैर कागज हाथ में लिए हिंदी, अंग्रेजी या अपनी मां की मातृभाषा में बोल के दिखा दीजिए।"
- "एक बात और इस 15 मिनट के भाषण में 5 बार श्रीमान विश्वेश्वरैया का नाम ले लेना। कर्नाटक की जनता तय कर लेगी, उन्हें क्या करना है।''
- पिछले दिनों राहुल गांधी एक रैली में कर्नाटक की महान हस्ती मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया का नाम ठीक से नहीं ले पाए थे। बाद में यह वीडियो काफी वायरल हुआ था।
Comment Now