नई दिल्ली.महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाने को लेकर बनी राष्ट्रीय समिति की राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को पहली मीटिंग बुलाई। इसमें उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, नरेंद्र मोदी, मनमोहन सिंह समेत 21 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। सोनिया और राहुल गांधी मीटिंग में शामिल नहीं हुए। कोविंद ने कहा कि गांधी जयंती को वैश्विक स्तर पर मनाना चाहिए। इसके लिए संयुक्त राष्ट्र और कई संगठनों के मंच का इस्तेमाल भी करना चाहिए। मोदी ने कहा कि गांधी जयंती मनाए जाने की थीम कार्यांजलि रखी जानी चाहिए।
2020 तक चलेंगे कार्यक्रम
- महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के कार्यक्रम इस साल 2 अक्टूबर से शुरू होकर 2020 तक चलेंगे।
- कोविंद ने कहा, "आज के दौर में जब आतंकवाद बढ़ रहा है, तब भी गांधीजी के अहिंसा के सिद्धांत उसी तरह कायम हैं। गांधीजी भारत में जागृति लाने वाले थे। वे भूतकाल में थे, वर्तमान में हैं और भविष्य में भी रहेंगे।"
- "गांधीजी के सिद्धांत आज देश की हर योजना में देखे जा सकते हैं, वह स्वच्छ भारत अभियान हो, महिलाओं-बच्चों या फिर दबे-पिछड़े लोगों को अधिकार दिए जाने की बात हो।"
- कोविंद ने ये भी कहा कि गांधीजी भारत में पैदा हुए लेकिन वे केवल हमारे ही नहीं है। उनकी शिक्षाएं मानवता को दिया गया सबसे महान तोहफा हैं।
गांधीजी की शिक्षाएं समय से परे
- मोदी ने कहा कि गांधीजी की शिक्षाएं समय से परे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि गांधी जयंती के कार्यक्रम की थीम को कार्यांजलि के तौर तैयार करना चाहिए।
- मोदी ने गांधी जयंती के कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा तकनीक के इस्तेमाल करने पर जोर दिया ताकि इस बारे में पूरी दुनिया को पता लग सके।
- बता दें समिति के कुल 125 सदस्य हैं, जिसमें से 116 भारत से हैं।
हम सहयोग देने के लिए तैयार
- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा, "हमें मंगलवार शाम एपी भवन में बैठक की सूचना मिली थी, हमने पहले ही कैबिनेट बैठक निर्धारित की थी। बैठक में शामिल नहीं होने पर हम केंद्र को पत्र लिखेंगे, हम इस कार्यक्रम के लिए किसी भा तरह का सहयोग करने के लिए तैयार हैं।"
- एजेंसी के अनुसार केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के करीबी ने बताया कि राज्य में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी, जिस कारण केरल के सीएम भी बैठक में शामिल नहीं हो सके। वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के करीबी ने बताया कि सीएम अगले हफ्ते राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में व्यस्त हैं।
- तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भी इस बैठक में भाग नहीं लिया। वह, भाजपा और कांग्रेस मुक्त मोर्चा तैयार करने के लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले।
- गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलने से नाराज टीडीपी ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था।
सरकार ने बीते साल गठित की थी कमेटी
- कमेटी कार्यक्रम और उसे पूरा करने की समय सीमा निर्धारित करेगी। यह कमेटी ही तय करेगी कि कैसे महात्मा गांधी के 150वें जन्मदिवस को धूमधाम से मनाया जाए।
- इस कार्यक्रम को लेकर 2 अक्टूबर, 2017 को एक राष्ट्रीय समिति का गठन किया गया, जिसमें सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के अलावा गांधीवादी विचारधारा वाले बुद्धिजीवी, चिंतक और देश की कई हस्तियों को इसमें शामिल किया गया था।
Comment Now