Friday, 23rd May 2025

IPL 2018: आरसीबी की मुंबई इंडियंस पर रोमांचक जीत

Wed, May 2, 2018 9:02 PM

बेंगलुरु। रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) ने मंगलवार को आईपीएल 2018 में मुंबई इंडियंस पर 14 रनों से जीत दर्ज की। आरसीबी ने 7 विकेट पर 167 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई 7 विकेट पर 153 रन ही बना पाया। आरसीबी की यह 8 मैचों में तीसरी जीत है और 6 अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें क्रम पर पहुंच गया। मुंबई इंडियंस के 8 मैचों से 4 अंक है। अब मुंबई को प्लेऑफ में बने रहने के लिए हर मैच जीतना होगा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई को टिम साउदी ने पहला झटका दिया जब उन्होंने ईशान किशन को आउट किया। उमेश यादव ने इसके बाद मेहमान टीम को लगातार दो झटके देकर उसकी हालत खराब कर दी। उमेश ने सूर्यकुमार यादव (0) को एलबीडब्ल्यू किया। उन्होंने अगली गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा को चलता किया। रोहित बगैर खाता खोले उनकी गेंद पर विकेटकीपर डी कॉक द्वारा खूबसूरती से लपके गए।

किरोन पोलार्ड जब 12 रनों पर थे तब चहल की गेंद पर विकेटकीपर डी कॉक ने उनका कैच छोड़ा। वैसे पोलार्ड इस जीवनदान का लाभ नहीं उठा पाए और 13 रन बनाकर मो. सिराज की गेंद पर डी कॉक को ही कैच थमाकर पैवेलियन लौटे। जेपी डुमिनी 23 रन बनाकर रन आउट हुए। इसके बाद पांड्‍या ब्रदर्स ने मोर्चा संभाला। कृणाल पांड्‍या 23 रन बनाकर सिराज के शिकार बने। हार्दिक ने अर्द्धशतक पूरा किया। वे 42 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 50 रन बनाकर साउदी की गेंद पर कोहली द्वारा लपके गए। 

 

मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मनन वोहरा ने तो आरसीबी को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन डी कॉक खुलकर नहीं खेल पा रहे थे। वे 7 रन बनाकर मिचेल मैक्लेनाघन की गेंद पर शॉर्ट मिडविकेट पर रोहित शर्मा द्वारा लपके गए। मनन को मयंक मार्कंडे ने पैवेलियन की राह दिखाई। वे 31 गेंदों में 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। ब्रैंडन मॅक्कुलम 37 रन बनाने के बाद जोखिमभरा रन चुराने के प्रयास में हार्दिक पांड्‍या के थ्रो पर रन आउट हुए।

हार्दिक पांड्‍या ने आरसीबी को 1 ओवर मे तीन झटके। उन्होंने पहली गेंद पर मनदीप सिंह (14) को डीप मिडविकेट पर सूर्यकुमार यादव के हाथों झिलवाया। उनकी अगली गेंद पर विराट कोहली (32) लांग ऑन पर पोलार्ड को कैच थमा बैठे। पांड्‍या ने अंतिम गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर (1) को चलता किया। कोलिन डी ग्रैंडहोम 10 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 23 और उमेश यादव 1 रन बनाकर नाबाद रहे। हार्दिक पांड्‍या ने 28 रनों पर 3 विकेट लिए। मैक्लेनाघन, बुमराह और मार्कंडे को 1-1 विकेट मिले।

मुंबई इंडियंस ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया, चोटिल इविन लुईस की जगह किरोन पोलार्ड को शामिल किया। आरसीबी ने भी एक बदलाव कर एम अश्विन की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया। एबी डीविलियर्स अभी भी फिट नहीं है और इस मैच में नहीं खेलेंगे।

टीमें : आरसीबी : क्विंटन डी कॉक, विराट कोहली (कप्तान), ब्रैंडन मॅक्कुलम, मनन वोहरा, मनदीप सिंह, कोलिन डी ग्रैंडहोम, टिम साउदी, वॉशिंगटन सुंदर, उमेश यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज।

मुंबई इंडियंस : सूर्यकुमार यादव, किरोन पोलार्ड, रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, जेपी डुमिनी, हार्दिक पांड्‍या, कृणाल पांड्‍या, बेन कटिंग, मिचेल मैक्लेनाघन, मयंक मार्कंडे, जसप्रीत बुमराह।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery