-चारा घोटाले में लालू के खिलाफ अभी दो केस पेंडिंग हैं
- 24 मार्च को सीबीआई कोर्ट ने 14 साल की सजा सुनाई है
नई दिल्ली.राहुल गांधी ने सोमवार को चारा घोटाले में सजा काट रहे और इलाज के लिए दिल्ली के एम्स में भर्ती लालू प्रसाद से मुलाकात की। यहां लालू की किडनी और दिल की बीमारी का इलाज चल रहा है। अस्पताल में भर्ती होने से पहले वे पिछले साल 23 दिसंबर से ही रांची की बिरसा मुंडा जेल में बंद थे। लालू से पिछले दिनों तृणमूल सांसद डेरेक ओ ब्रायन और आरएसएलपी नेता व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने भी मुलाकात की थी। उधर, लालू ने एम्स को लेटर लिखकर कहा है कि उन्हें रांची अस्पताल वापस नहीं भेजा जाए, क्योंकि इलाज की सुविधा नहीं है।
28 मार्च से दिल्ली एम्स में भर्ती हैं लालू
लालू प्रसाद को 28 मार्च को रांची के रिम्स अस्पताल से दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया था। उनका ब्लड शुगर कम था। सिरम क्रिटनीन की मात्रा बढ़ गई थी। चेहरे पर सूजन भी थी। रिम्स के कार्डियोलॉजी विभाग में अंतिम दिन लालू प्रसाद मजाकिया अंदाज में दिखे थे। डॉक्टरों और कर्मचारियों से कहा था-सभी को बिहार का परवल खिलाएंगे।
कोर्ट ने लालू को 14 साल की सजा सुनाई है
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद को सीबीआई कोर्ट ने 24 मार्च को चारा घोटाले में अब तक की सबसे बड़ी सजा सुनाई थी। आईपीसी और भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत उन्हें सात-सात साल की दो सजाएं हुई थीं। एक सजा पूरी होने के बाद दूसरी शुरू होगी। यानी कुल 14 साल की जेल।
70 साल के लालू को चारा घोटाले में चौथी बार सजा, दो केस अभी भी पेंडिंग
ट्रेजरी | रकम | सजा |
चाईबासा | 37.70 करोड़ | 5 साल |
देवघर |
89.27 लाख |
3.5 साल |
चाईबासा | 33.62 करोड़ | 5 साल |
दुमका | 3.13 करोड़ | 14 साल |
दो मामलों में फैसला बाकी
लालू के खिलाफ अभी दो केस पेंडिंग हैं। इनमें बांका-भागलपुर ट्रेजरी से अवैध निकासी का केस 56ए/96 पटना सीबीआई कोर्ट और डोरंडा ट्रेजरी से 139.39 करोड़ की अवैध निकासी से जुड़ा 47ए/96 केस रांची कोर्ट में पेंडिंग है।
Comment Now