बेंगलुरु.कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपनी पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। राहुल ने कहा कि उनकी पार्टी ने 5 साल पहले जो वादे किए थे उसका 95% काम पूरा किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने राज्य की जनता की आवाज सुनी है। इस मौके पर राहुल गांधी के अलावा वीरप्पा मोइली और कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया, मल्लिकार्जुन खड़गेसमेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। राहुल गांधी गुरुवार को दो दिन के कर्नाटक दौरे पर पहुंचे। राज्य में एक चरण में 12 मई को मतदान होगा। 15 मई को नतीजे आएंगे।
मोदी की मन की बात पर कसा तंज
- राहुल ने कहा, "प्रधानमंत्री लोगों को अपने मन की बात कहते हैं, जबकि कांग्रेस का घोषणापत्र कर्नाटक के लोगों के मन की बात को शामिल किए हुए है।"
- उन्होंने कहा, "मैं यहां कर्नाटक के लोगों को ये बताने नहीं आया कि उनके लिए क्या अच्छा है। मैं यहां ये सुनने आया हूं कि वो अपनी बेहतरी के लिए क्या सोचते हैं।"
- राहुल ने कहा, " हम सभी को कर्नाटक पर बहुत गर्व है। इस राज्य ने देश को सिलिकॉन वैली का तोहफा दिया है। मैं कर्नाटक को धन्यवाद देना चाहता हूं, क्योंकि इसके आत्मविश्वास ने पूरे देश को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया है।"
कृषि, शिक्षा, ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों को किया शामिल
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कृषि, शिक्षा, खेल, संस्कृति, ऊर्जा, चिकित्सा, सिचाई, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, पर्यटन और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों को शामिल किया है।
ये है कर्नाटक चुनाव का शेड्यूल
कुल सीटें: 224
बहुमत: 113
वोटर: 4.90 करोड़
तारीख | चुनावी शेड्यूल |
17 अप्रैल | अधिसूचना जारी |
24 अप्रैल | नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख |
25 अप्रैल | नामांकनों की छंटनी |
27 अप्रैल | नाम वापस लेने की आखिरी तारीख। |
12 मई | मतदान |
15 मई | नतीजे |
2013 विधानसभा चुनाव : येदियुरप्पा के भाजपा छोड़ते ही कांग्रेस ने बनाई सरकार
पार्टी | सीट | वोट शेयर |
कांग्रेस | 122 | 36.6% |
जेडीएस | 40 | 20.2% |
भाजपा | 40 | 19.9% |
अन्य | 22 | 23.3% |
2014 लोकसभा चुनाव :मोदी लहर में भाजपा को मिलीं 28 में से 17 सीटें
पार्टी | सीट | वोट शेयर |
भाजपा | 17 | 43.4% |
कांग्रेस | 9 | 41.2% |
जेडीएस | 2 | 11.1% |
कर्नाटक में वोक्कालिगा और लिंगायत समुदाय से 14 मुख्यमंत्री बने
50% विधायक और सांसद अब तक इन्हीं दोनों कम्युनिटी से आते रहे हैं।
224 मौजूदा विधायकों में 55 वोक्कालिगा और 52 लिंगायत कम्युनिटी से हैं।
100 सीटों पर लिंगायत और 80 सीटों पर वोक्कालिगा कम्युनिटी असर डालती है।
14 मुख्यमंत्री (8 लिंगायत और 6 वोक्कालिगा) राज्य में दोनों कम्युनिटी से हुए हैं।
राज्य में दलित आबादी सबसे ज्यादा
दलित: 19%,
मुस्लिम: 16%
ओबीसी: 16%
लिंगायत: 17%
वोक्कालिगा: 11%
अन्य: 21%
Comment Now