'बागी 2' ने टिकट खिड़की पर 100 करोड़ का धंधा कर लिया है। पहली बार है जब टाइगर श्रॉफ ने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली है।
बुधवार को इस फिल्म को करीब 9.10 करोड़ रुपए मिले। मंगलवार भी बढ़िया रहा था और यह 10.60 करोड़ कमाने में कामयाब रही। सोमवार के दिन 12.10 करोड़ रुपए कमाना बड़ी बात थी क्योंकि इस फिल्म से शुक्रवार को भी लगभग इसी आंकड़े की उम्मीद की जा रही थी।
छह दिन की कमाई लगभग 104.90 करोड़ रुपए के करीब है। वैसे इसका वीकेंड कलेक्शन चौंकाने वाला था। फिल्म ने केवल तीन दिन में 73.10 करोड़ कमाए थे। इसने शुक्रवार को 25.10 करोड़ रुपए कमाए थे। यह इस साल की सबसे बड़ी ओपनिंग थी। शनिवार को इसे 20.40 करोड़ रुपए मिले। संडे को कमाई फिर बढ़ी और 27.60 करोड़ रुपए हो गई।
फिल्म में खूब सारे मसाले हैं। इसे अहमद खान ने पूरे दिल से बनाया है। एक के बाद एक सीन आते हैं तो देखने वालों के मन लगा रहता है। टाइगर श्रॉफ पर पूरी फिल्म का वजन न डालते हुए, एक सस्पेंस भी रखा गया है। ये सस्पेंस काफी देर तक बांधे रखता है।
कुछ कमियां होने के बावजूद इसमें कई खूबियां हैं जो इसे टिकट खिड़की पर टिकाए रखेंगी। यह 'बागी' सीरीज की दूसरी किस्त है। इसे करीब 3500 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। इस हिसाब से यह टाइगर श्रॉफ की सबसे बड़ी रिलीज है। जाहिर है निर्माता चाहते थे कि मामला 100 करोड़ के पार तेजी से निकले। इतने बड़े पैमाने पर रिलीज का मतलब होता है कि फिल्म 30 करोड़ रुपए कमाने की कूबत रोज रखती है।
पिछली 'बागी' ने 75 करोड़ रुपए की कमाई की थी। 'बागी 2' से टाइगर श्रॉफ ने पहली बार 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया है जबकि दिशा पाटनी ने 'एमएस धोनी' के जरिए 100 करोड़ क्लब में एंट्री पहले ही ले ली थी।
बता दें कि काफी पहले ही 'बागी 3' की घोषणा भी कर दी गई है। 'बागी 3' की शूटिंग दिसंबर से शुरू होगी। साजिद नाडियाडवाला और फॉक्स स्टार स्टूडियो की 'बागी 2' को नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत किया है। अहमद खान ने इसका निर्देशन किया है।
Comment Now