रायपुर। रायपुर से श्रीनगर जाना अब काफी आसान हो गया है। इंडिगो एयरलाइंस ने हवाई यात्रियों के लिए रायपुर से दिल्ली होते हुए श्रीनगर फ्लाइट की घोषणा की है। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट क्रमांक 6 ई 2486 सुबह 9.40 बजे रायपुर से उड़ान भरेगी और 11.35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यही फ्लाइट दोपहर 1.30 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
इस प्रकार राजधानी से श्रीनगर जाना चाहने वाले लोग आठ हजार रुपयों में हवाई यात्रा कर सकते हैं। रविवार 25 मार्च से इंडिगो एयरलाइंस ने यह फ्लाइट शुरू भी कर दी है। पिछले दिनों जेट एयरवेज ने भी रायपुर से पुणे के लिए साप्ताहिक फ्लाइट शुरू की है। पुणे फ्लाइट शुरू किए जाने की मांग भी लंबे समय से की जा रही थी। ट्रैवल्स संचालकों का कहना है कि इस फ्लाइट के शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।
इंडिगो की दिल्ली फ्लाइट हुई विलंब
दिल्ली से दोपहर 12.30 बजे उड़ान भरने वाली इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली-रायपुर-दिल्ली फ्लाइट शुक्रवार को अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटे विलंब रही। बताया गया है कि स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में दोपहर 2.25 बजे पहुंचने वाली यह फ्लाइट करीब 3.40 के बाद विमानतल पहुंची। विमानन सूत्रों का कहना है कि फ्लाइट को दिल्ली से उड़ान भरने में देर हुई थी। फ्लाइट के विलंब होने के पीछे तकनीकि कारण बताए गए हैं।
'राजधानी से श्रीनगर के लिए हवाई सुविधा शुरू किए जाने की मांग काफी पहले से की जा रही थी। इस फ्लाइट के शुरू होने से प्रदेश के हवाई यात्रियों को इसका फायदा मिलने लगा है। इस फ्लाइट का फेयर भी काफी कम है। - कीर्ति व्यास, संचालक, व्यास ट्रैवल्स
Comment Now