नागपुर. देश का सबसे बड़ा गैर सरकारी संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) शनिवार को यहां अपने नए सरकार्यवाह का मनोनयन होगा। इसके लिए संघ के केंद्रीय प्रतिनिधि ओम का उच्चारण करके सहमति जताते हैं। हर तीन साल में सह सरकार्यवाह में से किसी एक को सरकार्यवाह बनाया जाता है। अभी चार सह सरकार्यवाह हैं। इनमें से दत्तात्रेय होसबले प्रबल दावेदार हैं। 2009 से इस पद पर भैयाजी जोशी थे। इस कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। आरएसएस की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के लिए पूरे देश से करीब 3000 प्रचारकों को नागपुर बुलाया गया है।
सरकार्यवाह की क्या भूमिका होती है?
- संघ प्रमुख को सरसंघचालक कहते हैं। उनकी भूमिका सलाहकार की होती है। ऐसे में संघ को चलाने के लिए सरकार्यवाह की जरूरत रहती है। संघ में एक ही सरकार्यवाह होता है। उसे महासचिव भी कहते हैं। वह संघ का सबसे बड़ा कार्यकारी अधिकारी होता है।
होसबोले हैं प्रबल दावेदार
- सूत्रों के मुताबिक, अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल में नए सरकार्यवाह के प्रस्ताव पर चर्चा होती है तो आरएसएस के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले को इस पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
- होसबोले कर्नाटक से आते हैं। वे युवावस्था से ही संघ से जुड़ गए थे। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लिए काम किया है।
- होसबोले के अलावा सह सरकार्यवाह में सुरेश सोनी, डॉ. कृष्णगोपाल और वी भागैया हैं। सोनी सेहत खराब होने की वजह से दो साल से छुट्टी पर थे। उन्होंने कुछ वक्त पहले ही कामकाज संभाला है।
ऐसे होता है सरकार्यवाह का चयन
- नए सरकार्यवाह की चयन प्रकिया शुरू करने के आग्रह के साथ ही मौजूदा सरकार्यवाह मंच से नीचे उतर जाएंगे।
- इसके बाद चयन अधिकारी सबसे वरिष्ठ सह सरकार्यवाह के मनोनयन का एलान करता है। इसके लिए नाम मांगे जाते हैं।
- इस चयन प्रक्रिया में केंद्रीय प्रतिनिधि ही वोट डालते हैं, कोई भी प्रचारक वोटर नहीं होता।
- अगर किसी को कोई नाम देना होता है तो वो 3 से 4 अनुमोदक के साथ नाम प्रस्ताव कर सकता है, लेकिन आमतौर पर सरकार्यवाह का चयन सर्व सम्मति से ही होता है।
- नए सरकार्यवाह का नाम चयन अधिकारी बताते हैं और सभी लोग ॐ उच्चारण के साथ हाथ उठाकर नए सरकार्यवाह का चयन सम्पन्न कराते हैं। अगले दिन सरसंघचालक और सरकार्यवाह अपनी कार्यकारणी का एलान करते हैं।
सरसंघचालक से सह सरकार्यवाह के पद पर अभी कौन?
सरसंघचालक: डॉ. मोहन भागवत
सरकार्यवाह: सुरेश भैयाजी जोशी
सह सरकार्यवाह: सुरेश सोनी
सह सरकार्यवाह: दत्तात्रय होसबले
सह सरकार्यवाह: डॉ. कृष्ण गोपाल
सह सरकार्यवाह: वी भगैया
Comment Now