इंदौर।उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार को रंगपंचमी के मौके पर बाबा महाकाल का आंगन रंगों से सराबोर हो गया। यहां बाबा के साथ उनके भक्तों ने जमकर होली खेली। मंदिर में फूलों से बने रंग से होली खेली गई। गौरतलब है कि कोई भी त्योहार हो सबसे पहले बाबा महाकाल के दर पर मनाई जाती है।
- महाकाल मंदिर के महेश पुजारी ने बताया कि मंगलवार को हजारों भक्तों ने बाबा महाकाल के साथ होली खेली। रंगपंचमी मनाने के लिए मंदिर परिसर में ही दो क्विंटल टेसू के फूलों और आरओ वॉटर हर्बल रंग तैयार किया गया। सुबह भस्म आरती के बाद बाबा के दरबार पर जमकर रंग और गुलाल उड़ा। रंग पंचमी पर मंदिर पहुंचे भक्तों ने कहा कि उन्होंने अपने आराध्य के साथ जमकर होली खेली। बाबा के साथ होली खेलकर वे खुद को धन्य मानते हैं।
- रंग पंचमी पर गुलाल उड़ने के साथ ही जमकर ढोल बजे और बाबा के गीतों पर भक्तों ने नृत्य किया। बाबा के दर पर होली मनने के बाद पूरे उज्जैन में रंग उड़ने लगा। शहर के बीच स्थित फ्रीगंज टॉवर पर बड़ी संख्या में लोग जमा हुए और रंगों के इस पर्व को उल्लास के साथ मनाया। यहां लोगों ने जमकर ठंडाई का भी मजा लिया। वहीं देवासगेट पर करीब 150 फीट लंबे फव्वारे में लोगों ने रंग खेला। रंगों के इस पर्व को देखते हुए कलेक्टर संकेत भोंडवे ने स्थानीय अवकाश घोषित किया है।
Comment Now