Saturday, 24th May 2025

ऐश्वर्या-माधुरी समेत कई सेलेब्स ने किए श्रीदेवी के अंतिम दर्शन, आज 3.30 बजे होगा अंतिम संस्कार

Wed, Feb 28, 2018 9:19 PM

दुबई/मुंबई. अंतिम दर्शनों के लिए श्रीदेवी की पार्थिव देह को बुधवार को लोखंडवाला के सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में रखा गया। अंतिम संस्कार दोपहर 3.30 बजे राजकीय सम्मान के साथ विले पार्ले श्मशान घाट में होगा। मंगलवार रात बॉडी को दुबई से मुंबई लाया गया और सीधे उनके घर ग्रीन एकर्स ले जाया गया था। मंगलवार दोपहर दुबई पुलिस ने इंडियन कॉन्स्युलेट और उनके परिवार को क्लीयरेंस लेटर सौंपने के बाद केस को बंद कर दिया था। सोमवार को फोरेंसिक रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि श्रीदेवी की मौत कार्डिएक अरेस्ट से नहीं, बल्कि बाथटब में डूबने से हुई।

 


अंतिम दर्शन करने कई सेलिब्रिटी पहुंचे

- श्रीदेवी के अंतिम दर्शन करने हेमामालिनी, ईशा देओल, सुश्मिता सेन, ऐश्वर्या राय, अक्षय खन्ना और उर्वशी रोतैला जैसी कई सेलिब्रिटीज पहुंचीं।

- माधुरी दीक्षित, जया प्रदा, जया बच्चन, सुभाष घई, करण जौहर, रविकिशन, अजय देवगन, काजोल, बप्पी लाहिड़ी और जैकलीन फर्नांडीज भी श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।

- सफेद श्रीदेवी का पसंदीदा रंग था। वे अपने परिवारवालों और करीबियों से कहती थीं कि आखिरी वक्त में सबकुछ सफेद रंग का हो। इसी को ध्यान में रखकर सेलिब्रेशन क्लब में तैयारियां की गई। सेलिब्रेशन क्लब में सफेद पर्दे, सफेद फूल लगाए गए।

श्रीदेवी की पार्थिव देह रात 9:30 बजे मुंबई पहुंची

- श्रीदेवी की पार्थिव देह को अनिल अंबानी के चार्टर्ड प्लेन से मंगलवार रात 9:30 बजे मुंबई एयरपोर्ट लाया गया। प्लेन में बोनी कपूर, संजय कपूर और अर्जुन कपूर समेत 11 लोग मौजूद थे। बता दें कि अर्जुन कपूर मंगलवार सुबह ही दुबई गए थे। एयरपोर्ट पर अनिल कपूर, अनिल अंबानी समेत कई करीबी लोग देखे गए।

श्रीदेवी की मौत का केस बंद, बोनी कपूर को क्लीन चिट

- दुबई प्रशासन से क्लीयरेंस मिलने के बाद श्रीदेवी की बॉडी को लेप किया गया। इस प्रॉसेस में करीब 2 घंटे लगे।

- इससे पहले दुबई मीडिया ऑफिस ने ट्वीट कर बताया, "पब्लिक प्रॉसिक्यूशन ने कहा कि सारी जांच पूरी कर ली गई है। फोरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीदेवी की मौत दुर्घटनावश डूबने के कारण हुई। लिहाजा उनके केस को बंद किया जाता है।"

- उधर, दुबई पुलिस ने बोनी कपूर को इस मामले में क्लीन चिट दे दी है। पुलिस का कहना है कि इस केस में ऐसा कुछ नहीं मिला जिस पर संदेह किया जा सके।

परिवार ने अदा किया शुक्रिया

-श्रीदेवी के परिवार की तरफ से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया- "इस भावुक पल में परिवार का साथ देने के लिए मीडिया का धन्यवाद। श्रीदेवी का अंतिम संस्कार 3:30 बजे विले पार्ले के श्मशान घाट में किया जाएगा। दोपहर 2 बजे अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।" सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब श्रीदेवी के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर है।

कब हुई थी मौत?

- श्रीदेवी की मौत शनिवार रात करीब 11.30 बजे जुमैरा एमिरेट्स टॉवर होटल के रूम नंबर 2201 में हुई थी। श्रीदेवी पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने दुबई गई थीं।

शनिवार शाम दुबई के होटल में क्या हुआ?

- परिवार के एक करीबी के हवाले से खलीज टाइम्स ने बताया था कि बोनी कपूर शादी में शामिल होकर मुंबई लौट गए थे। 24 फरवरी को दोबारा दुबई लौटे और वे शाम करीब 5.30 बजे जुमैरा एमिरेट्स टॉवर होटल गए। यहीं श्रीदेवी रुकी हुई थीं। बोनी श्रीदेवी को सरप्राइज डिनर पर ले जाने वाले थे। बोनी ने श्रीदेवी को जगाया और दोनों ने करीब 15 मिनट बात की। इसके बाद श्रीदेवी वॉशरूम गईं। जब वे 15 मिनट तक नहीं लौटीं तो बोनी ने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया।

- अंदर से कोई रिस्पॉन्स न मिलने पर उन्होंने धक्का देकर दरवाजा खोला। बोनी ने देखा कि श्रीदेवी अचेत हालत में बाथटब में गिरी हुई थीं। बोनी ने उन्हें होश में लाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद उन्होंने अपने दोस्त को फोन किया। उन्होंने करीब 9 बजे पुलिस को जानकारी दी।

- बाथरूम में बेहोश होकर गिरने के बाद उन्हें दुबई के रशीद हॉस्पिटल ले लाया गया। हॉस्पिटल पहुंचने के पहले श्रीदेवी का निधन हो चुका था।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery