मुंबई। चीफ कोच राहुल द्रविड़ की पहल रंग लाई और बीसीसीआई ने अब अंडर-19 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कोच और सपोर्ट स्टाफ को एक समान इनामी राशि देने का फैसला किया है। द्रविड़ ने यह पहल कर अपना बड़ा नुकसान करवाया, लेकिन अब सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों को ज्यादा इनामी राशि मिलेगी।
बीसीसीआई के इस फैसले के बाद अब चीफ कोच द्रविड़ और सपोर्ट स्टाफ के सभी सदस्यों को 25-25 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।
पृथ्वी शॉ के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर न्यूजीलैंड में अंडर-19 विश्व कप जीता था। इसके बाद बीसीसीआई ने चीफ कोच द्रविड़ को 50 लाख रुपए और सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों को 20-20 लाख रुपए देने की घोषणा की थी। टीम के खिलाड़ि यों के लिए 30-30 लाख की घोषणा की गई थी।
इस पर द्रविड़ ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि उनके और सपोर्ट स्टाफ के बीच भेदभाव नहीं होना चाहिए और सभी को समान इनामी राशि मिलनी चाहिए। बोर्ड ने उनकी बात मानी और अब सभी को 25-25 लाख दिए जाएंगे। द्रविड़ ने इस तरह अपना 25 लाख रुपए का नुकसान उठाया।
बोर्ड ने इसके अलावा भारतीय जूनियर टीम के साथ पिछले डेढ साल से जुड़े रहे कोचेस और सपोर्ट स्टाफ को भी इनामी राशि प्रदान करने का फैसला किया। इसके तहत पूर्व ट्रेनर राजेश सावंत के परिवार को भी 25 लाख दिए जाएंगे, उनका पिछले वर्ष निधन हो गया था।
Comment Now