23 मार्च को 58 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में 10 सीटें यूपी की हैं। जेटली यहां से आसानी से राज्यसभा पहुंच जाएंगे।
नई दिल्ली.राज्यसभा की 58 सीटों पर इलेक्शन 23 मार्च को होगा। गुजरात से बीजेपी के राज्यसभा सदस्य अरूण जेटली, पुरुषोत्तम रूपाला, मनसुख मांडविया और शंकर वेगड का कार्यकाल पूरा हो रहा है। जातिगत समीकरण साधने के मद्देनजर बीजेपी में केन्द्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली को गुजरात की बजाय उत्तप्रदेश से राज्यसभा भेजने के गणित पर विचार चल रहा है। दरअसल, गुजरात की मौजूदा विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर कुल 4 सीटों में 2 राज्यसभा सीटों पर बीजेपी और दो पर कांग्रेस की जीत तय है। कांग्रेस से भरत सिंह सोलंकी और दीपक बावड़िया को राज्यसभा भेजे जाने के आसार हैं।
जेटली उत्तर प्रदेश से ही क्यों?
- अरुण जेटली बीजेपी के बड़े नेता हैं। टीम मोदी में जेटली अहम माने जाते हैं। ऐसे में उनका राज्यसभा जाना तय है। सीटों के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा राज्य हैं। उत्तर प्रदेश में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं। 2017 में बीजेपी ने यहां 312 सीटें जीती थी। 23 मार्च को 58 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में 10 सीटें यूपी की हैं। ऐसे में जेटली यहां से आसानी से राज्यसभा पहुंच जाएंगे।
पाटीदार फैक्टर साधने का मंथन
- मनसुख मांडविया और पुरुषोत्तम रूपाला पाटीदार चेहरे हैं- केन्द्रीय कैबिनेट में मंत्री भी। इनमें भी एक कडवा और एक लेउवा पाटीदार है।
- माना जा रहा है कि इन में से किसी एक नेता कोे ड्राप किया गया तो उनसे संबंधित वर्ग नाराज हो सकता है।
- ऐसे में शंकर वेगड को ड्राप करें तो जेटली बचते हैं, बीजेपी जेटली को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजने पर विचार कर रही है।
- गुजरात विधानसभा में भाजपा की 99 सीटें हैं। एनसीपी और एक निर्दलीय को मिला ले तो बीजेपी पर कुल 101 सीटे होती हैं। वहीं कांग्रेस पर 81 सीटें हैं।
राज्यसभा में गुजरात का गणित
- राज्यसभा सदस्य के निर्वाचन का अधिकार विधानसभा सदस्य को होता है। गुजरात विधानसभा 182 सदस्यीय है। चुनाव चार सीटों के लिए होना है।
- राज्यसभा चुनाव का फॉर्मूला है- खाली सीटें + एक, कुल योग से विधानसभा की सदस्य संख्या से भाग देना। इसका जो जवाब आए उसमें भी एक जोड़ने पर जो संख्या होती है। उतने ही वोट एक सदस्य को राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए चाहिए।
- गुजरात की सदस्य संख्या 182 है। खाली सीट 4+ 1= 5। 182/ 5 = 36.4। 36.4 +1= 37.4। गुजरात राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए एक सदस्य को औसतन 37 विधायकों का समर्थन चाहिए।
Comment Now