नई दिल्ली. गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले 25 जनवरी को अगवा हुआ 5 साल का विहान मंगलवार रात मुस्कुराता हुआ मां-बाप की गोदी में लौट आया। दिल्ली क्राइम ब्रांच साहिबाबाद के एक फ्लैट से सोमवार रात करीब एक बजे उसे सकुशल छुड़ा लाई। इस दौरान हुए शूटआउट में एक बदमाश की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे को पैर में गोली लगी और तीसरे को पुलिस डेढ़ घंटे पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी।
60 लाख के लिए 6 महीने में 4 कोशिश
- बदमाशों को पता था कि विहान के पिता को प्रॉपर्टी डील में 57 लाख मिले हैं। इसके बाद 6 माह में तीन बार अपहरण की कोशिश की, चाैथी बार में सफल हुए। 72 घंटे बाद कॉल कर लड़की की आवाज में 60 लाख मांगे।
- पुलिस के 50 लोगों की टीम को 250 सीसीटीवी फुटेज, 35 मोबाइल टावर, 3 लाख नंबर खंगालने के बाद कामयाबी मिली।
ऐसे मिली सफलता
बच्चे की कुशलता बताने के लिए एक वॉट्स एप वीडियो परिवार को भेजा गया। बदमाशों की लापरवाही से इसमें एक चेहरा नोटिस कर लिया गया। पुलिस ने इसे सीसीटीवी फुटेज से मिलाया। एक में यह बाइक पर नजर आया। पता किया तो यह नितिन शर्मा नाम का युवक था। इसका सेल नंबर जुटाया जो वारदात वाली जगह एक्टिव निकला। पता चला कि यह एक शादी में आ रहा है। पुलिस ने ट्रैप लगा इसे पकड़ लिया।
Comment Now