मिलान। इटली के मैकेराटा शहर में शनिवार को एक बंदूकधारी ने गोलीबारी कर छह विदेशियों को घायल कर दिया। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने 28 वर्षीय हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, वह इतालवी नागरिक है और उसका इससे पहले अपराध का कोई रिकार्ड नहीं है। हमले के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। लेकिन, इसी सप्ताह कथित रूप से एक नाइजीरियाई प्रवासी द्वारा एक महिला की हत्या के बाद इस घटना को उसकी प्रतिक्रिया माना जा रहा है।
मैकेराटा के मेयर रोमानो कैरानसिनी ने बताया कि हमलावर लगभग दो घंटे तक गोलीबारी करता रहा। इसमें घायल होने वाले सभी लोग अश्वेत थे और दोनों घटनाओं को मिलाकर देखने से यह माना जा सकता है कि उनमें आपसी संबंध है।
उल्लेखनीय है कि इस समय इटली में चुनाव प्रचार चल रहा है और विदेशियों का आना यहां बड़ा मुद्दा बना हुआ है।
Comment Now