भोपाल। पिताजी ने मेरी शादी में ससुराल वालों को कुछ रुपए नकदी, सोने की चेन और अंगूठी देने की बात की थी। लेकिन, आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे यह सब नहीं दे पाए। इसलिए शादी के बाद ससुराल वालों ने मुझे घर से निकाल दिया।
न्याय के लिए पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ यह शिकायत कोलार निवासी अनिता कुमरे (परिवर्तित नाम) ने महिला आयोग में दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि मई 2016 में उसकी शादी छिंदवाड़ा में हुई थी। इसके बाद उससे सोने की चेन, अंगूठी और दहेज की डिमांड की जाने लगी। इसे पूरा नहीं करने पर उसे कमरे में बंद कर दिया गया। उसे किसी से भी बात करने की इजाजत नहीं थी। शादी के दो माह बाद ही पति कैलाश और ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसे घर से ही निकाल दिया। उसके साथ मारपीट कर उसे छिंदवाड़ा स्टेशन छोड़कर चले गए। अनिता ने बताया कि वो डेढ़ साल से महिला मायके में रह रही है। पति को फोन लगाओ तो वह बात तक नहीं करता है। सास-ससुर कहते हैं कि जब तक दहेज नहीं लाएगी, तब तक घर में कदम तक नहीं रखने देंगे। आयोग की सदस्य गंगा उइके ने कहा कि मामला गंभीर है, इसलिए इसे आगामी सुनवाई में रखा जाएगा।
कांग्रेस पार्षद का रिश्तेदार करता है परेशान
इंदौर निवासी शबाना बी (परिवर्तित नाम) ने कांग्रेस पार्षद के रिश्तेदार के खिलाफ महिला आयोग में शिकायती
आवेदन दिया। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्षद का साला असलम खान उसे परेशान करता है। वो कहीं भी रास्ता रोककर उसके साथ छेड़छाड़ करता है और विरोध करने पर खुद को पार्षद अनवर खान का रिश्तेदार बताकर जान से मारने की धमकी देता है। महिला के मुताबित उसके पति ने उसे समझाया तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी गई। शबाना ने महिला आयोग में कहा कि असलम की पहुंच राजनीतिक लोगों से है, इसलिए उसकी जान को खतरा है। शबनम ने थाने में भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
Comment Now