माउंट माउनगानुई। शुभमन गिल और हार्विक देसाई की नाबाद शतकीय भागीदारी से भारत ने शुक्रवार को अंडर-19 क्रिेकेट वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे को 10 विकेट से रौंदा। ग्रूप 'बी' में जिम्बाब्वे की पारी को 48.1 ओवरों में 154 रनों पर समेटने के बाद भारत ने लक्ष्य 21.4 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए हासिल किया। शुभमन 90 और हार्विक 56 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की यह ग्रुप में लगातार तीसरी जीत रही। शुभमन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
भारत के लिए 155 रनों का लक्ष्य मामूली था और सलामी बल्लेबाजों ने इसे आसानी से हासिल किया। शुभमन 59 गेंदों में 14 चौकों और 1 छक्के की मदद से 90 और हार्विक 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 56 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले स्पिनरों की उम्दा गेंदबाजी से भारत ने जिम्बाब्वे की पारी को सस्ते में समेटा। बाएं हाथ के स्पिनरों अनुकूल रॉय ने 20 रन देकर 4 और अभिषेक शर्मा ने 22 रनों पर 2 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने 10 रनों पर 2 विकेट लिए। मिल्टन शुम्बा ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। वेस्ली माधेवेरे ने 30 रनों का योगदान दिया।
Comment Now