Saturday, 24th May 2025

चपरासी ने की सीएम हेल्पलाइन में शिकायत, कोई काम नहीं करते शिक्षक

Wed, Jan 17, 2018 7:56 PM

भोपाल। राजधानी के एक सरकारी स्कूल में अनूठा मामला सामने आया है। यहां पदस्थ एक महिला भृत्य ने स्कूल के शिक्षकों के बारे में ही सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर दी कि वे कोई काम नहीं करते। शिकायत के बाद से यह स्कूल और विभाग के अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति है। यह सवाल भी उठाए जा रहे हैं कि कोई महिला भृत्य शिक्षकों और व्यवस्था की शिकायत कैसे कर सकती है।

शहर के 1100 क्वार्ट्स स्थित राजा भोज स्कूल में भृत्य के पद पर मुन्नी देवा सोंधिया कार्यरत है। कुछ समय पूर्व उन्होंने एक छात्र की पिटाई भी लगा दी थी जिससे उसके कान में गंभीर चोट आई थी। पुलिस थाने में भी मामला पहुंचा था। इस बार मुन्नी देवी ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की है कि स्कूल में 396 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। स्कूल में 19 शिक्षक हैं। इसके हिसाब से देखा जाए तो यहां आठ शिक्षक अधिक हैं।

कोई काम नहीं करते शिक्षक 

 

मुन्नी देवी यहीं शांत नहीं हुईं। उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि स्कूल में शिक्षक ज्यादा हैं और वे कोई काम नहीं करते। वे चाहती हैं कि स्कूल में उचित संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति होना चाहिए। उन्होंन कहा है कि इस समस्या का जल्द से जल्द निराकरण होना चाहिए। शिकायत किए जाने के बाद राजा भोज स्कूल की संकुल प्राचार्य से इस संबंध में जवाब मांगा गया है। उनसे संबंधित साक्ष्य भी मांगे गए हैं।

स्टाफ में नाराजगी, अधिकारी भी चमके 

 

सीएम हेल्पलाइन में इस तरह की शिकायत होने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की दलील है कि कोई भृत्य यह कैसे तय कर सकता है कि स्कूल में क्या व्यवस्था होना चाहिए और कितना स्टाफ होना चाहिए। उसे यह अधिकार किसने दिया। इधर, मुन्नी से जुड़े करीबियों का कहना है कि अव्यवस्था के खिलाफ सवाल उठाएगी भले ही कुछ भी हो जाए।

पूरा स्कूल परेशान 

 

उक्त महिला भृत्य के खिलाफ कई शिकायतें हैं। हाल में एक छात्र की पिटाई भी उसने की थी। भृत्य का यह काम नहीं है कि वह तय करे कि स्कूल में क्या व्यवस्था हो और कितने शिक्षक हों। यह देखा जाएगा कि उसने कैसे शिकायत की। यह गलत है। अगर मुन्नी के खिलाफ हुई शिकायत सही पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। उससे पूरा स्कूल परेशान है। 

 

- धर्मेंद्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी 

 

जवाब दे दिया है

 

यह सही है कि मुन्नी ने सीएम हेल्पलाइन में स्कूल में स्टाफ को लेकर शिकायत की है। मैंने अपना जवाब भी दे दिय है। अब मैं यह नहीं बता सकती कि उसने ऐसा क्यों किया और उसे यह अधिकार किसने दिया। 

 

- शुभलक्ष्मी मोघे, प्राचार्य, राजा भोज स्कूल

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery